TRENDING TAGS :
चुनाव से पहले नीतीश के साथ बड़ा खेल, 2 दिग्गज मंत्रियों ने छोड़ी पार्टी, प्रशांत किशोर से मिलाया हाथ
बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार को बड़ा झटका, JDU के दो दिग्गज नेताओं ने पार्टी छोड़ी और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया।
JDU leaders join Prashant Kishor Party: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दो पुराने और कद्दावर नेताओं ने प्रशांत किशोर की पार्टी 'जन सुराज' का दामन थाम लिया है। इन नेताओं में पूर्व विधायक, सांसद और मंत्री रह चुके दसई चौधरी और JDU प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भुवन पटेल शामिल हैं। पटना में जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने इन दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस घटना को चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक फेरबदल माना जा रहा है, जो नीतीश कुमार के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।
नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप: 'नीतीश जी अब राह भटक गए हैं'
पार्टी में शामिल होने के बाद, इन दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। दसई चौधरी ने कहा कि उन्होंने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ जाकर नीतीश कुमार का साथ दिया था, लेकिन बाद में नीतीश कुमार ने उन पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा, "न ही संगठन, न सरकार में सहभागी बनाया। हम बार-बार उनसे अनुरोध करते रहे... लेकिन उन्होंने कोई सकारात्मक बात नहीं की।" चौधरी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने प्रशांत किशोर से मुलाकात की और उनके साथ काम करने की इच्छा जाहिर की, जहां उन्हें बहुत सम्मान मिला। भुवन पटेल, जो समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं, ने भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "नीतीश कुमार सबसे जीनियस मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उम्र के अनुसार उनकी शारीरिक क्षमता कम हो रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि अब स्थिति ऐसी है कि मुख्यमंत्री के अगल-बगल रहने वाले कुछ लोग ही सरकार चला रहे हैं।
'जन सुराज' का स्वागत: 'अच्छे लोग साथ आ रहे हैं'
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने इन नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि, "ये सभी अच्छे लोग हैं। लंबे समय तक नीतीश जी का साथ दिया है।" उन्होंने कहा कि "लेकिन अब नीतीश जी चलते-चलते राह भटक गए हैं। मैं खुद उनका बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। लेकिन अब वो ऐसे लोगों से घिरे हुए हैं जो बिहार को तेजी से सर्वनाश की ओर ले जा रहे हैं।"
भुवन पटेल ने तो यहां तक दावा किया कि JDU से बड़ी संख्या में लोग निकलकर दूसरी पार्टियों में जगह बनाएंगे। यह घटना यह संकेत देती है कि नीतीश कुमार की पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है, और चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की 'जन सुराज' पार्टी राज्य में एक नया राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या JDU के और भी नेता पाला बदलते हैं और क्या 'चाणक्य' प्रशांत किशोर इस बार नीतीश कुमार के लिए एक बड़ी चुनौती बन पाते हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!