×

Urine Infection: मर्दों से ज्यादा महिलाओं में क्यों होता है यूरिन इंफेक्शन? ये है असली कारण

Urine Infection: यूरिन इंफेक्शन एक आम समस्या जरूर है, लेकिन यह तब गंभीर बन जाती है जब इसे नज़रअंदाज़ किया जाए।

Ragini Sinha
Published on: 22 Jun 2025 9:30 AM IST (Updated on: 22 Jun 2025 9:31 AM IST)
Urine infection in women
X

Urine infection in women (Social media)

Urine Infection: यूरिन इंफेक्शन महिलाओं में एक आम समस्या है, लेकिन अक्सर इसे नजरअंदाज कर दिया जाता है। यह इंफेक्शन तब होता है, जब बैक्टीरिया यूरिन ट्रैक्ट में प्रवेश कर जाते हैं। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो यह संक्रमण ब्लैडर, यूरिन पाइप और किडनी तक पहुंच सकता है।

कई बार लड़कियां या महिलाएं जाने-अनजाने में कुछ ऐसी आदतें अपनाती हैं, जो इस संक्रमण की वजह बन जाती हैं। आइए जानते हैं कि यूरिन इंफेक्शन के कारण, लक्षण और बचाव के तरीके क्या हैं।


महिलाओं में क्यों ज्यादा होता है यूरिन इंफेक्शन?

महिलाओं की शारीरिक बनावट ऐसी होती है कि उनका यूरिन ट्रैक्ट पुरुषों की तुलना में छोटा होता है। साथ ही, यह प्राइवेट पार्ट के काफी नजदीक होता है, जिससे बैक्टीरिया के लिए ब्लैडर तक पहुंचना आसान हो जाता है। यही कारण है कि महिलाओं को यूरिन इंफेक्शन होने का खतरा ज्यादा रहता है, खासकर जब हाइजीन का ठीक से ध्यान न रखा जाए।

यूरिन इंफेक्शन के आम कारण

कुछ आदतें ऐसी होती हैं जो महिलाओं में यूरिन इंफेक्शन का कारण बन सकती हैं। पेशाब को देर तक रोकना, गलत तरीके से टॉयलेट पेपर का इस्तेमाल और पर्याप्त पानी न पीना यूरिन ट्रैक्ट में बैक्टीरिया के पनपने का खतरा बढ़ा देते हैं। यौन संबंध के बाद साफ-सफाई न करना, गंदे या पब्लिक टॉयलेट का इस्तेमाल और टाइट कपड़े पहनना भी संक्रमण को बढ़ावा दे सकते हैं।

नमी और गंदगी बैक्टीरिया के लिए अनुकूल माहौल बनाती है। प्रेग्नेंसी में हार्मोनल बदलाव और डायबिटीज में बढ़ा हुआ ब्लड शुगर लेवल यूरिन इंफेक्शन का जोखिम और बढ़ा सकते हैं।


यूरिन इंफेक्शन के लक्षण

अगर आपको पेशाब करते समय जलन या दर्द महसूस हो रहा है, या बार-बार पेशाब आ रहा है, तो यह यूरिन इंफेक्शन का संकेत हो सकता है। कई बार पेशाब बदबूदार या धुंधला हो जाता है और पेट के निचले हिस्से में दर्द भी महसूस होता है। कुछ मामलों में पेशाब में खून आना, बुखार, ठंड लगना या उल्टी जैसी गंभीर स्थिति भी हो सकती है। ये सभी लक्षण शरीर में संक्रमण की ओर इशारा करते हैं, जिन्हें नज़रअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

अगर आप इनमें से कोई भी लक्षण महसूस करें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर इलाज न लेने पर यह संक्रमण किडनी तक फैल सकता है, जिससे परेशानी बढ़ सकती है।

बचाव के आसान और असरदार तरीके

  • दिन में कम से कम 7-8 गिलास पानी जरूर पिएं, ताकि बैक्टीरिया शरीर से बाहर निकल सकें।
  • जरूरत महसूस होते ही टॉयलेट जाएं।
  • संबंध बनाने के बाद यूरिन ज़रूर करें और प्राइवेट पार्ट को हल्के गर्म पानी से साफ करें।
  • आगे से पीछे की ओर साफ करें, ताकि बैक्टीरिया फैल न सकें।
  • ढीले और सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर में नमी न बनी रहे।
  • साबुन या खुशबूदार प्रोडक्ट्स का ज़रूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें।

प्रेग्नेंसी और यूरिन इंफेक्शन

गर्भवती महिलाओं में यूरिन इंफेक्शन होना आम है, क्योंकि इस दौरान शरीर में कई बदलाव होते हैं। ऐसे में हाइजीन का खास ध्यान रखना जरूरी है, ताकि मां और बच्चे दोनों सुरक्षित रहें।

यूरिन इंफेक्शन एक आम समस्या जरूर है, लेकिन यह तब गंभीर बन जाती है जब इसे नज़रअंदाज़ किया जाए। इसलिए महिलाओं को अपने शरीर और हाइजीन को लेकर सतर्क रहना चाहिए। साफ-सफाई और समय पर सतर्कता अपनाकर आप इस संक्रमण से बच सकती हैं।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story