TRENDING TAGS :
भारतीय ज्ञान परंपरा ओलंपियाड 2025: अंतिम चरण की तैयारियां तेज, क्या है ओलम्पियाड का उद्देश्य, देशभर से कितने प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण
Olympiad 2025: ओलम्पियाड की पंजीकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी है और देशभर से लगभग 19,600 प्रतिभागियों ने इसमें भागीदारी सुनिश्चित की है।
भारतीय ज्ञान परंपरा ओलम्पियाड 2025 (photo: social media )
Olympiad 2025: भारतीय संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित भारतीय ज्ञान परंपरा ओलम्पियाड 2025 की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में हैं। इस ओलम्पियाड का आयोजन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली एवं लिटिल गुरु के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। ओलम्पियाड की पंजीकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी है और देशभर से लगभग 19,600 प्रतिभागियों ने इसमें भागीदारी सुनिश्चित की है।
युवाओं में संस्कृति के प्रति गहरी रुचि
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीनिवास वरखेड़ी ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शोधार्थियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि युवा वर्ग में भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति गहरी रुचि है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों और संस्थानों के सहयोग के लिए आभार जताया।
क्या है ओलम्पियाड का उद्देश्य
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मदनमोहन झा ने जानकारी दी कि इस ओलम्पियाड का मुख्य उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति एवं परंपराओं की गहरी समझ विकसित करना और नई पीढ़ी में जागरूकता एवं रुचि को बढ़ावा देना है। यह ओलम्पियाड प्रतिभागियों को भारतीय संस्कृति के विविध आयामों को समझने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा।
परीक्षा तिथियाँ और समयसारिणी घोषित
भारतीय ज्ञान परंपरा ओलम्पियाड की मुख्य समन्वयक डॉ. अमृता कौर ने जानकारी दी कि कक्षा 6 से 12 तक के प्रतिभागियों की ऑनलाइन परीक्षा सोमवार, 11 अगस्त 2025 को आयोजित की जाएगी। वहीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएच.डी. स्तर के प्रतिभागियों की परीक्षा मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को होगी। दोनों ही दिनों में परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।
परीक्षा पूरी तरह से ऑनलाइन प्रारूप में होगी, और प्रतिभागी इस निर्धारित समयावधि में अपनी सुविधा अनुसार एक घंटे में परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा की लिंक आधिकारिक वेबसाइट www.sanskritolympiad.in पर परीक्षा के दिन सक्रिय की जाएगी।
प्रश्नपत्र में दर्शन, साहित्य और विज्ञान जैसे विषय
ओलम्पियाड के समन्वयक डॉ. योगेन्द्र दीक्षित ने बताया कि प्रश्नपत्रों में भारतीय दार्शनिक विचारधारा, संस्कृति, साहित्य, विज्ञान और प्राचीन भारतीय उपलब्धियों से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन समिति ने परीक्षा को सरल, पारदर्शी और तकनीकी दृष्टि से सुलभ बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं। यह ओलम्पियाड न केवल छात्रों के लिए एक प्रतिस्पर्धात्मक मंच होगा, बल्कि यह उन्हें भारतीय परंपरा की गहराई से पहचान करवाने का अवसर भी देगा।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!