×

Gangtok Top Tourist Destination: नेचर लवर्स के लिए जन्नत है गंगटोक, जानिए घूमने की टॉप लोकेशंस

Gangtok Mein Ghumane Ki Jagah: अगर आप गर्मी की छुट्टियों, मानसून की राहत या सर्दियों की बर्फबारी के बीच कोई यादगार ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो गंगटोक आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकता है।

Jyotsna Singh
Published on: 9 July 2025 2:00 PM IST
Gangtok Mein Ghumane Ki Jagah
X

Gangtok Mein Ghumane Ki Jagah

Paradise for Nature Lovers Gangtok: हिमालय की गोद में बसा गंगटोक, प्रकृति प्रेमियों और शांत वातावरण की तलाश में भटकते सैलानियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं। सिक्किम की राजधानी और पूर्वोत्तर भारत का सबसे प्रमुख हिल स्टेशन होने के साथ-साथ, यह शहर आध्यात्मिकता, रोमांच, संस्कृति और शांति का एक अद्भुत संगम है। अगर आप गर्मी की छुट्टियों, मानसून की राहत या सर्दियों की बर्फबारी के बीच कोई यादगार ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो गंगटोक आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। आइए आपको गंगटोक की सबसे बेहतरीन 10 जगहों से जुड़ी जानकारी देते हैं, जिनके बिना आपकी गंगटोक यात्रा अधूरी मानी जाएगी।

1.राजशाही का आध्यात्मिक प्रतीक, 'त्सुक-ला-खंग मोनेस्ट्री'

गंगटोक का ऐतिहासिक और धार्मिक केंद्र मानी जाने वाली त्सुक-ला-खंग मोनेस्ट्री, कभी सिक्किम के शाही परिवार का आध्यात्मिक निवास स्थान था। यह मोनेस्ट्री रॉयल पैलेस परिसर के भीतर स्थित है और पारंपरिक बौद्ध स्थापत्य कला का बेजोड़ उदाहरण प्रस्तुत करती है। इसे 9वें राजा थेथुटोब नामग्याल के शासनकाल में बनवाया गया था और आज भी यहां धार्मिक अनुष्ठान, बौद्ध महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं।


यहां की लकड़ी की नक्काशी, रंगीन भित्तिचित्र और तिब्बती मूर्तियां पर्यटकों को मोहित कर देती हैं। खासतौर पर लोसर त्योहार के समय यह मठ पूरी रौनक में दिखाई देता है।

2. भारत-चीन सीमा की झलक- नाथुला पास

समुद्र तल से 14,140 फीट की ऊंचाई पर स्थित नाथुला पास, एक ऐतिहासिक व्यापार मार्ग था जो प्राचीन सिल्क रूट का हिस्सा रहा है। यह स्थान आज भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा का हिस्सा है, जिसे हर भारतीय एक बार ज़रूर देखना चाहता है। यहां तैनात भारतीय सैनिकों को देखना, राष्ट्रभक्ति से भर देता है। पर्यटकों को यहां जाने के लिए विशेष परमिट की आवश्यकता होती है जो गंगटोक से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

इस पास की ओर जाते हुए रास्ते में त्सोंगमो झील भी पड़ती है जो अपने नीले पानी और बर्फीले वातावरण के लिए जानी जाती है।

3. नीले स्वर्ग का एहसास - त्सोमो (चांगु) झील

गंगटोक से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित त्सोमो झील एक ग्लेशियल झील है जो 12,400 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यह झील अपने मौसम के अनुसार रंग बदलती है। कभी नीली, कभी हरी तो कभी बर्फ से ढकी सफेद। यह तिब्बती और सिक्किमी संस्कृति में अत्यंत पवित्र मानी जाती है।


सर्दियों में झील पूरी तरह जम जाती है और ट्रैकिंग व स्नो राइडिंग के शौकीनों के लिए परफेक्ट हो जाती है। याक की सवारी और पारंपरिक सिक्किमी कपड़ों में फोटो खिंचवाना यहां के खास अनुभव हैं।

4. गंगटोक का दिल है एमजी रोड

गंगटोक का सबसे जीवंत और आकर्षक स्थान है एमजी रोड। यह यहां की सबसे साफ और नो व्हीकल स्ट्रीट है। दिन में यह जगह शॉपिंग के लिए और रात में टहलने और फूड टेस्टिंग के लिए बेस्ट है। यहां आपको सिक्किमी हस्तशिल्प, ऊनी कपड़े, लोकल हर्बल उत्पाद, और पारंपरिक गहने आसानी से मिल जाते हैं।

कई कैफे और रेस्टोरेंट्स में बैठकर आप सिक्किमी व्यंजन जैसे थुकपा, मोमोज और गुंड्रुक सूप का आनंद ले सकते हैं। संगीतमय माहौल और रंगीन लाइट्स एमजी रोड को हर शाम त्योहार सा बना देती हैं।

5. सेवन सिस्टर्स वॉटरफॉल- प्रकृति का अद्भुत उपहार

यह झरना गंगटोक से लगभग 32 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है और अपने सात धाराओं में बहती जलधारा के कारण ‘सेवन सिस्टर्स’ नाम से प्रसिद्ध है। खासकर मानसून के मौसम में इसका दृश्य अत्यंत मनमोहक होता है। हर धारा इस झरने को अलग आयाम देती है।

झरने के पास स्थित व्यू पॉइंट से फोटो खींचना और प्रकृति की गोद में समय बिताना एक अविस्मरणीय अनुभव बन जाता है।

6. ताशी व्यू पॉइंट: कंचनजंघा के दर्शन


अगर आप सूर्योदय के वक्त गंगटोक में हैं, तो ताशी व्यू पॉइंट जाना न भूलें। यहां से साफ मौसम में कंचनजंघा और सिनिओलचू चोटियों का बेहद शानदार दृश्य देखने को मिलता है। यह गंगटोक से 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां दूरबीन की सुविधा भी उपलब्ध है। जिससे आप आस-पास के गांवों और मठों की खूबसूरत झलक देख सकते हैं। यह खासकर फोटोग्राफर्स और नेचर लवर्स के लिए एक ड्रीम स्पॉट है।

7. रहस्यमय लोककथाओं के बीच जलधारा

बन झाकरी फॉल्स गंगटोक से मात्र 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक मनोरम वाटरफॉल है, जिसे सिक्किम की लोककथाओं में शक्तिशाली तांत्रिकों यानी 'झाकरी' से जोड़ा गया है। झरने के पास एक खूबसूरत गार्डन, रॉक गार्डन, स्विंग ब्रिज और लोक नृत्य की मूर्तियां इस स्थल को परिवार के साथ समय बिताने के लिए आदर्श बनाते हैं।

8. शांसेति और साधना का स्थल-एनचे मोनेस्ट्री

एनचे मोनेस्ट्री गंगटोक के ऊपरी भाग में स्थित एक बेहद शांत और सुरम्य स्थल है। यह 200 साल पुराना बौद्ध मठ नियिंगमा परंपरा का अनुसरण करता है। यहां से पूरे गंगटोक शहर का दृश्य नजर आता है और यह ध्यान-साधना करने वालों के लिए अत्यंत लाभकारी स्थल माना जाता है।

9. हिमालयी जीव-जंतुओं का घर- हिमालयन जूलॉजिकल पार्क

अगर आप वन्यजीवन में रुचि रखते हैं। तो गंगटोक का हिमालयन जूलॉजिकल पार्क ज़रूर जाएं। यहां आप लाल पांडा, हिम तेंदुआ, तिब्बती भेड़िए और कई दुर्लभ पक्षियों को प्राकृतिक वातावरण में देख सकते हैं। यह बच्चों और फैमिली के साथ घूमने के लिए एक शिक्षाप्रद और मज़ेदार स्थल है।

10. वास्तुकला का प्रतीक- रुमटेक मोनेस्ट्री तिब्बती


रुमटेक मोनेस्ट्री सिक्किम की सबसे भव्य और विशाल बौद्ध मठों में से एक है। यह तिब्बती बौद्ध धर्म की काग्युपा शाखा का प्रमुख केंद्र है और दलाई लामा द्वारा मान्यता प्राप्त मठों में से एक है। यहां की दीवारों पर बने भित्तिचित्र, विशाल प्रार्थना चक्र और शांत वातावरण पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं।

यात्रा से पहले जानने योग्य कुछ बातें-

परमिट- नाथुला पास और त्सोमो झील जाने के लिए परमिट की आवश्यकता होती है। स्थानीय ट्रैवल एजेंट या होटल के जरिए इसे आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

मौसम- गंगटोक वर्षभर यात्रा के लिए उपयुक्त है, लेकिन अप्रैल से जून और अक्टूबर से दिसंबर तक का समय सबसे अच्छा माना जाता है।

परिवहन- गंगटोक तक पहुंचने के लिए आप बागडोगरा एयरपोर्ट से टैक्सी या साझा कैब ले सकते हैं, जो लगभग 125 किलोमीटर दूर है। निकटतम रेलवे स्टेशन न्यू जलपाईगुड़ी है।

गंगटोक सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक यादगार अनुभव है। जहां पहाड़ों की शांति, बौद्ध संस्कृति की गहराई, और प्राकृतिक सौंदर्य की अपार विविधता एक साथ मिलती है। अगर आप इस बार की छुट्टियों में एक शांत, रोमांचकारी और आध्यात्मिक यात्रा की तलाश में हैं, तो गंगटोक की यात्रा आपको ज़िंदगी भर याद रहेगी।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Admin 2

Admin 2

Next Story