चाय-नाश्ते की कर लें वैकल्पिक व्यवस्था, सुबह 6 बजे से नहीं होगी PNG की सप्लाई, वाहनों को भी नहीं मिलेगी CNG

CNG-PNG Supply: गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा मंगलवार को लाइन की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। जिसके चलते ग्रीन गैस को शहर में आपूर्ति के लिए गैस नहीं मिल सकेगी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 19 May 2025 4:20 PM IST
cng png supply
X

cng png supply

CNG-PNG Supply: उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में मंगलवार को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) सेवाएं बाधित रहेगीं। ऐसे में लोगों को कुछ देर के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा लाइन में मरम्मत कार्य के चलते पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति बाधित रहेगी।

मंगलवार को प्रातःकाल छह बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक मुख्य लाइन से आपूर्ति छह घंटे के लिए रोक दी जाएगी। ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से लोगों को संदेश के जरिए सूचित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि ग्रीन गैस लिमिटेड द्वारा पूरे शहर में लगभग 80 हजार घरों में पीएनजी की सप्लाई की जाती है। इसके साथ ही एक लाख से ज्यादा वाहनों में 30 सीएनजी स्टेशन के माध्यम से गैस आपूर्ति की जाती है। शहर में रोजाना एक लाख किलोग्राम से ज्यादा सीएनजी खपत होती है।

लाइन मरम्मत के चलते नहीं मिलेगी गैस

गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा मंगलवार को लाइन की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। जिसके चलते ग्रीन गैस को शहर में आपूर्ति के लिए गैस नहीं मिल सकेगी। गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण घरों, होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कुछ घंटों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। साथ ही सीएनजी से वाहन चलाने वालों को भी दिक्कत झेलनी पड़ेगी।

हालांकि ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से पहले ही संदेश के जरिए लोगों को सूचित कर दिया गया है कि मंगलवार सुबह की चाय और नाश्ते के लिए लोग वैकल्पिक व्यवस्था पहले से बना लें। वहीं सीएनजी वाहन चलाने वाले भी एक दिन पहले सीएनजी जरूर भरवा लें। मंगलवार सुबह मदर स्टेशन पर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि शहर में चलने वाले अधिकांश ऑटो सीएनजी गैस से ही चलते हैं। ऐसे में अधिकतर ऑटो चालक प्रातःकाल गैस स्टेशनों पर सीएनजी भरवाने के बाद ही सवारियां भरते हैं। ऐसे में वह एक दिन पहले वाहनों में सीएनजी भरवा लें वरना उनका कार्य प्रभावित हो सकता है। इस संबंध में ग्रीन गैस लिमिटेड के मैनेजर किशन कुमार ने बताया कि मंगलवार को छह घंटे शहर में सीएनजी और पीएनजी आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके बाद लाइन सुचारू कर दी जाएगी।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story