TRENDING TAGS :
सेवा विस्तार की उम्मीद खत्म! आईएएस मनोज कुमार सिंह आज होंगे रिटायर, यूपी को मिलेगा नया मुख्य सचिव?
UP Chief Secretary: 1988 बैच के आईएएस अफसर मनोज कुमार ने 30 जून 2024 को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया था। वह गुरूवार (31 जुलाई) को रिटायर हो रहे हैं।
UP Chief Secretary
UP Chief Secretary: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के साथ ही यह संभावना बढ़ गयी है कि उत्तर प्रदेश में अब नया मुख्य सचिव बनेगा। हालांकि मनोज कुमार सिंह के सेवा विस्तार के लिए यूपी सरकार ने केंद्र को लगभग पंद्रह दिन पहले ही पत्र भेजा था। लेकिन अब तक केंद्र सरकार की तरफ से सेवा विस्तार को लेकर कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया है। जिसके बाद मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार की संभावनाएं लगभग खत्म ही हो गयी है। ऐसे में अब यूपी में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति तय ही मानी जा रही है।
1988 बैच के आईएएस अफसर मनोज कुमार ने 30 जून 2024 को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया था। वह गुरूवार (31 जुलाई) को रिटायर हो रहे हैं। उनके एक साल के सेवा विस्तार के लिए यूपी सरकार ने केंद्र को जुलाई माह के पहले सप्ताह में ही पत्र भेज दिया था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले केंद्र सरकार मुख्य सचिव रह चुके दुर्गा शंकर मिश्र और अनूप चंद्र पांडेय को सेवा विस्तार दे चुकी है।
मनोज कुमार सिंह यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी अफसर माने जाते हैं। हालांकि केंद्र सरकार ने अब तक जिन भी मुख्य सचिव को सेवा विस्तार दिया है, उनके लिए पत्र अंतिम दिन ही आया है। ऐसे में प्रशासन को अभी भी यह उम्मीद है कि देर शाम तक कुछ भी हो सकता है। ऐसे में सभी की निगाहें फिलहाल केंद्र की ओर ही लगी हुई हैं।
मुख्य सचिव की रेस में इन अफसरों के नाम आगे
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को अगर सेवा विस्तार नहीं मिलता है तो फिर उत्तर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिल जाएगा। यूपी के मुख्य सचिव की रेस में तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम काफी आगे चल रहे हैं। इनमें सबसे ऊपर 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल का नाम चल रहा है।
वह वर्तमान में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यभार संभाल रहे हैं। एसपी गोयल का कार्यकाल 2027 तक है। वहीं 1989 बैच के आईएएस देवेश चतुर्वेदी और कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार को भी दावेदार माना जा रहा है। देवेश चतुर्वेदी वर्तमान में केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं और 2026 में सेवानिवृत्त होंगे। ऐसे में अगर उन्हें मुख्य सचिव बनाया जाता है तो उनका कार्यकाल मात्र सात माह का ही होगा।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!