TRENDING TAGS :
IAS एसपी गोयल बने यूपी के नये मुख्य सचिव, मनोज कुमार सिंह को नहीं मिला सेवा विस्तार
UP New Chief Secretary: 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल मनोज कुमार सिंह की जगह लेंगे। मनोज कुमार सिंह आज (31 जुलाई) को रिटायर हो गये हैं।
UP New Chief Secretary
UP New Chief Secretary: वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल उत्तर प्रदेश के नये मुख्य सचिव बन गये हैं। 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल मनोज कुमार सिंह की जगह लेंगे। मनोज कुमार सिंह आज (31 जुलाई) रिटायर हो गये हैं। एसपी गोयल जनवरी 2027 तक मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे। यूपी के नये मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कार्यभार भी संभाल लिया है। यूपी सरकार ने जुलाई के पहले सप्ताह में ही आईएएस मनोज कुमार सिंह के सेवा विस्तार के लिए केंद्र को पत्र भेज दिया है। लेकिन आखिरी समय तक केंद्र से सेवा विस्तार को लेकर कोई भी सकारात्मक जवाब नहीं आया।
इसके बाद एसपी गोयल को मुख्य सचिव का पदभार सौंप दिया गया। एसपी गोयल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसर माने जाते हैं। वह वर्तमान में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव का कार्यभार संभाल रहे हैं। विदित हो कि मुख्य सचिव प्रशासनिक ढांचे का शीर्ष पद होता है। मुख्य सचिव को मुख्यमंत्री का प्रधान सलाहकार कहा जाता है।
एसपी गोयल ने संभाला कार्यभार, विकास को दी प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी गोयल ने पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप वे प्रदेश में विकास कार्यों को गति देंगे।
पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए गोयल ने कहा कि वे उन कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की 'जीरो टॉलरेंस, जीरो करप्शन' नीति, औद्योगिक प्रगति और आर्थिक विकास को जमीनी स्तर पर लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी। एसपी गोयल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
प्रदेश के हर जनपद पर गहरी पकड़
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल बीते लगभग साढ़े आठ साल से पंचम तल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस वजह से राज्य के हर जनपद में उनकी मजबूत पकड़ है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के प्रशासन के साथ ही राजनीति के गलियारों में भी उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है।
कौन हैं आईएएस एसपी गोयल
एसपी गोयल (शशि प्रकाश गोयल) मूल रूप से यूपी की राजधानी लखनऊ के रहने वाले हैं। 1967 में जन्मे एसपी गोयल ने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए, ईएमआईबी (आईआईएफटी) की पढ़ाई की है। एसपी गोयल ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत इटावा में बतौर असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद वह अलीगढ़, बहराइच, मेरठ में सीडीओ और मथुरा, इटावा, प्रयागराज और देवरिया जनपद में जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पूर्ववर्ती सपा सरकार में एसपी गोयल ने प्लानिंग विभाग के सचिव और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी निभायी। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वह मानव संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!