TRENDING TAGS :
Lucknow News: लखनऊ में भरभरा कर गिरी जर्जर मकान की दीवार, 3 मजदूर घायल, सिविल अस्पताल में चल रहा इलाज
Lucknow News: लखनऊ के गणेशगंज में मरम्मत के दौरान जर्जर मकान की दीवार गिरने से 3 मजदूर घायल हो गए। एक मजदूर गंभीर, सिर में चोट व पैर टूटा। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में जर्जर मकानों व इमारतों की दीवार अक्सर रेनोवेशन न होने के चलते गिर जाती हैं, जिससे बड़ा हादसा हो जाता है। ऐसा ही कुछ मंगलवार को लखनऊ के गणेशगंज में देखने को मिला, जहां जर्जर मकान में मरम्मत का काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गयी। दीवार गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जमा होने लगी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार के नीचे दबे मजदूरों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। इंस्पेक्टर नाका का कहना है कि घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दीवार के नीचे दबने से 3 मजदूर घायल, एक ही हालत गंभीर
इंस्पेक्टर नाका ने बताया कि मंगलवार को गणेशगंज पीपलवाली गली स्थित रमेश गुलाटी के एक जर्जर मकान की मरम्मत का काम लंबे समय से चल रहा था। मंगलवार देर शाम मकान की मरम्मत के दौरान एक दीवार काम कर रहे मजदूरों के ऊपर गिर गयी। सूचना मिलते ही नाका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पता चला कि दीवार के नीचे मरम्मत का काम करने वाले मजदूर कासिम, मोहम्मद ओर अय्यूब मलबे के नीचे दब गए। पुलिस का कहना है कि आनन फानन में स्थानीय लोगों की मदद से मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और तीनों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां घायल मजदूर मोहम्मद और अय्यूब को प्राथमिक उपचार करने के बाद छुट्टी दे दी गयी है, वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर कासिम का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गंभीर रूप से घायल मजदूर का टूटा पैर, सिर में आई गंभीर चोट
मिली जानकारी के अनुसार, दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर कासिम का पैर टूट गया है और साथ ही उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है। बताया जाता है कि कासिम के इलाज का खर्च ठेकेदार ने उठाने का वादा किया है। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कासिम का इलाज इमरजेंसी में चल रहा है। मरीज का एक्सरे कराया गया है, प्राथमिक उपचार के बाद कासिम को वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। दीवार गिरने से घटनास्थल पर भारी जाम लग गया। मौके पर भारी पुलिसबल तैनात है। मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!