TRENDING TAGS :
Maharajganj News: महराजगंज में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, नौतनवा में 9 मकान ढहाए गए
Maharajganj News: महराजगंज के समरधीरा गांव में 11 साल बाद प्रशासन ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया।
Maharajganj News
Maharajganj News : जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा समरधीरा में बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए सरकारी खलिहान की लगभग 1.5 बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह भूमि पिछले 11 वर्षों से कब्जाधारियों के कब्जे में थी, जिस पर अवैध निर्माण कर 9 मकान खड़े कर लिए गए थे।सूत्रों के अनुसार, प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी किए गए और बेदखली आदेश भी पारित हुए, लेकिन कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी। मामला अंततः हाईकोर्ट पहुंचा। हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बाद बुधवार को जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम नौतनवा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। जैसे ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और बुलडोजर गरजा, गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कब्जाधारियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विवादित भूमि राजस्व अभिलेखों में सरकारी खलिहान के रूप में दर्ज है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने वर्षों पहले इस पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिए थे। प्रशासन ने बताया कि अब यह भूमि पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराई जा चुकी है और इसे सरकारी उपयोग में लाया जाएगा।
तहसीलदार करण सिंह ने बताया कि "यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की गई है। लंबे समय से चले आ रहे विवाद को आज समाप्त करते हुए 9 कब्जाधारियों को हटाया गया और लगभग 1.5 बीघा भूमि को प्रशासनिक नियंत्रण में ले लिया गया है।"इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों में जहां प्रशासन की सख्ती की सराहना की जा रही है, वहीं कुछ प्रभावित परिवारों में आक्रोश भी देखा गया। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!