TRENDING TAGS :
Meerut News: बागपत के किसानों ने दिखाई इंसानियत, पंजाब बाढ़ पीड़ितों को दी ₹11.90 लाख सहायता
Meerut News: बागपत जिले के टिकरी गांव के किसानों ने अपनी मेहनत की कमाई से पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए ₹11.90 लाख की सहायता राशि मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेंट की।
बागपत के किसानों ने दिखाई इंसानियत, पंजाब बाढ़ पीड़ितों को दी ₹11.90 लाख सहायता (Photo- Newstrack)
Meerut News: पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना और एकजुटता का परिचय देते हुए बागपत जिले के किसानों ने बड़ा दिल दिखाया है। किसानों ने अपनी सामूहिक मेहनत से ₹11,90,511 की सहायता राशि एकत्र की, जिसे आम आदमी पार्टी (AAP) पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका और मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने गुरुवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान जी को उनके जन्मदिवस के अवसर पर भेंट किया। यह जानकारी आज यहां चंडीगढ़ से लौटकर आप प्रवक्ता ने दी।
यह पहल इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि बागपत जिले के टिकरी गांव के किसानों ने यह राशि स्वेच्छा से जुटाई थी — किसी सरकारी अपील या निर्देश के बिना। सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री को सौंपते हुए सोमेंद्र ढाका ने भगवंत मान जी को पटका पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, अंकुश चौधरी, पश्चिमी प्रांत महासचिव मनीष सिंह और मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने मुख्यमंत्री को डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान की प्रति भेंट की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा—“पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसान एक ही मिट्टी के बेटे हैं। जब भी देश के किसी हिस्से में संकट आता है, किसान समाज सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है। मैं बागपत के टिकरी ग्रामवासियों और आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
बैठक के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री से कृषि से जुड़ी समस्याओं, एमएसपी, नहर सिंचाई व्यवस्था, और बाढ़ नियंत्रण जैसे मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पंजाब में किसानों के हित में उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर सोमेंद्र ढाका ने कहा कि भगवंत मान जी का शासन किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज़ को सशक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा—
“पंजाब मॉडल देश के लिए मिसाल है — जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं।”
अंकुश चौधरी ने बताया कि टिकरी गांव के किसानों ने जब पंजाब में बाढ़ की तबाही की खबरें देखीं, तो उन्होंने बिना किसी निर्देश के अपनी जेब से मदद की।
“यह सहयोग केवल आर्थिक नहीं, बल्कि भाईचारे और इंसानियत का प्रतीक है,” उन्होंने कहा "प्रतिनिधिमंडल में उपेंद्र राठी, विक्रम राणा, एडवोकेट सौदान राठी, रामकुमार राठी, जितेंद्र राठी, मास्टर रविन्दर, उदयवीर राठी, ब्रह्मपाल, शीशपाल, अमरपाल, इंदर सिंह चौधरी, राहुल सभासद, सत्येंद्र, राजकुमार, विकास और सुधीर समेत कई किसान नेता शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और “रंगला पंजाब” के उनके विज़न की सराहना की।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!