TRENDING TAGS :
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में खूनी नरसंहार, बस से यात्रियों को उतारा, फिर चुन-चुनकर मारी गोलियां
Balochistan Bus Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हथियारबंद आतंकियों ने 9 यात्रियों को अगवा कर पहाड़ों में बेरहमी से गोली मार दी। यह हमला पूर्वी पंजाब के लोगों को निशाना बनाकर किया गया, जिससे बलूच उग्रवाद और पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Balochistan Bus Attack
Balochistan Bus Attack: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हथियारबंद लोगों ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार देर रात, क्वेटा से लाहौर जा रही बसों से 9 यात्रियों को अगवा किया गया और फिर पहाड़ों में ले जाकर बेरहमी से गोली मार दी गई। यह खौफनाक घटना झोब जिले के सर धक्का इलाके में हुई, जहां सुरक्षाबलों को बाद में गोलियों से छलनी शव लावारिस हालत में पड़े मिले।
मौत की खबर देने वाला भी सहम गया
एक स्थानीय व्यक्ति की नजर जब पहाड़ों में पड़े शवों पर पड़ी, तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो 9 लोगों की लाशें वहां पड़ी थीं। सभी पर गोली लगने के गंभीर निशान थे। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने जानकारी दी कि आतंकियों ने यात्रियों को बसों से जबरन उतारा और चुनिंदा लोगों को पहाड़ों की ओर ले गए और उनकी हत्या कर दी।
पूर्वी पंजाब प्रांत के लोगों को बनाया निशाना
इस नरसंहार में एक बात चौंकाने वाली रही कि हमलावरों ने सिर्फ पूर्वी पंजाब प्रांत से आए यात्रियों को निशाना बनाया और बाकी लोगों को छोड़ दिया। ऐसे में यह एक सुनियोजित और नस्लीय पहचान पर आधारित हमला माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना को बलूच उग्रवादियों से जोड़ा जा रहा है, हालांकि किसी संगठन ने अभी तक जिम्मेदारी नहीं ली है।
क्या बलूच उग्रवाद फिर हुआ एक्टिव?
बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान की आंतरिक अस्थिरता का गढ़ बना हुआ है। यह क्षेत्र खनिज संसाधनों से भरपूर है और अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से जुड़ा है। यहां के बलूच अलगाववादी पाकिस्तान सरकार पर ‘शोषण’ का आरोप लगाते हैं, और पहले भी रेल और सड़क यातायात पर हमले कर चुके हैं। पिछली बार उन्होंने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर 250 यात्रियों को बंधक बना लिया था, जिसमें कई पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
पाकिस्तान सरकार पर फिर उठे सवाल
इस नृशंस हमले के बाद एक बार फिर पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की नाकामी पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या सरकार बलूचिस्तान में नियंत्रण खो चुकी है? एक के बाद एक ऐसे हमले पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!