Swiggy पर 81% ज़्यादा बिल! ऑनलाइन फूड डिलीवरी के दामों पर बवाल

Swiggy Charges 81% Higher Online: Swiggy और Zomato पर बढ़ती फीस, GST और ऐप चार्ज से ऑनलाइन खाना अब महंगा। जानें ग्राहक अनुभव और कीमतों का अंतर।

Sonal Girhepunje
Published on: 8 Sept 2025 2:14 PM IST
Swiggy पर 81% ज़्यादा बिल! ऑनलाइन फूड डिलीवरी के दामों पर बवाल
X

Swiggy Charges 81% Higher Online:ऑनलाइन खाना मंगवाना अब जेब पर भारी पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई है जिसमें एक ग्राहक ने दावा किया कि Swiggy से खाना ऑर्डर करना रेस्टोरेंट से सीधे खरीदने की तुलना में 81% महंगा पड़ा। ग्राहक ने बताया कि उसने लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित रेस्टोरेंट से खाना मंगवाया था। उसने चार डिश के दाम तुलना के लिए बताए, जिनमें रेस्टोरेंट और Swiggy के बिल में ₹660 से ज़्यादा का फ़र्क निकला। इस खुलासे के बाद यूज़र्स ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी की कीमतों पर बहस शुरू कर दी है। Swiggy और Zomato दोनों पर बढ़ती डिलीवरी फीस और GST से ग्राहक की जेब और भी ढीली हो रही है।

ग्राहक का आरोप - बिल में ₹660 का फ़र्क

ग्राहक ने ट्विटर पर बताया कि रेस्टोरेंट और Swiggy के दामों में भारी अंतर है। उसके अनुसार, 10 पराठों की कीमत रेस्टोरेंट में ₹180 थी, जबकि Swiggy पर वही ऑर्डर ₹350 का पड़ा। चिकन 65 रेस्टोरेंट में ₹150 का मिला, लेकिन Swiggy पर यह ₹240 था। एक प्लेट चिकन लॉलीपॉप रेस्टोरेंट में ₹200 का था, जबकि ऐप पर ₹320 में मिला। इसी तरह, चिकन थोक्कु बिरयानी रेस्टोरेंट में ₹280 की थी, लेकिन Swiggy पर ₹460 में आई। कुल मिलाकर रेस्टोरेंट का बिल टैक्स समेत ₹810 बना, जबकि Swiggy का बिल ₹1,473 निकला। यानी ग्राहक को ₹660 से ज़्यादा अतिरिक्त देना पड़ा। यही बड़ा अंतर अब ऑनलाइन फूड डिलीवरी की बढ़ती कीमतों पर बहस का कारण बन गया है।

लोगों की प्रतिक्रियाएँ

इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूज़र्स की अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोगों ने कहा कि Swiggy और Zomato पर ऐसा अक्सर होता है और यह कोई नई बात नहीं है। कई यूज़र्स का मानना था कि अगर दाम 20-30% ज़्यादा हों तो लोग मान सकते हैं, लेकिन 80% ज़्यादा चार्ज करना सही नहीं है। दूसरी ओर, कुछ लोगों ने तर्क दिया कि जब ग्राहक ऐप से खाना ऑर्डर करता है, तो उसे सुरक्षा, समय पर डिलीवरी और कस्टमर सर्विस जैसी सुविधाओं के लिए अतिरिक्त पैसे देने ही पड़ते हैं। वहीं, कई यूज़र्स ने यह भी कहा कि ऑनलाइन मेन्यू की कीमतें अक्सर रेस्टोरेंट खुद बढ़ाते हैं और उसके बाद Swiggy अपनी फीस जोड़ता है।

बढ़ती डिलीवरी फीस ने और बढ़ाया बोझ

त्योहारों के मौसम में ऑनलाइन फूड डिलीवरी और महंगी हो गई है। Swiggy और Zomato दोनों ने अपनी प्लेटफ़ॉर्म फीस बढ़ा दी है। अब Swiggy हर ऑर्डर पर ₹15 (GST समेत) ले रहा है, जबकि Zomato ₹12.50 (GST छोड़कर) चार्ज कर रहा है। वहीं, Magicpin अभी भी ₹10 प्रति ऑर्डर पर सबसे सस्ती सर्विस दे रहा है। इसके अलावा, 22 सितंबर से डिलीवरी चार्ज पर भी 18% GST लगाया जाएगा। इसका असर यह होगा कि Zomato के ग्राहकों को हर ऑर्डर पर लगभग ₹2 और Swiggy के ग्राहकों को करीब ₹2.6 अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे।

1 / 7
Your Score0/ 7
Sonal Girhepunje

Sonal Girhepunje

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!