TRENDING TAGS :
79th Independence Day LIVE: प्रधानमंत्री मोदी का लाल किले से जोशीला संबोधन: भगवा साफ़ा पहनकर आत्मनिर्भर भारत से ऑपरेशन सिंदूर तक किया जिक्र
79th Independence Day LIVE:भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया और ऑपरेशन सिंदूर, आत्मनिर्भरता, दिवाली पर जीएसटी दरों में कमी, युवा रोजगार योजना और सुदर्शन चक्र मिशन जैसे महत्वपूर्ण ऐलान किए।
79th Independence Day LIVE:देशभर में 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। मुख्य समारोह में, लाल किले पर तिरंगा फहराने के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को उनके सोच से कहीं ज्यादा ताकत से हराया। ऑपरेशन सिंदूर इस गुस्से का प्रतीक है। उन्होंने देश की आत्मनिर्भरता पर भी बात की और कहा कि आत्मनिर्भरता एक राष्ट्र के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। इसके साथ ही उन्होंने दिवाली पर जीएसटी दरों को कम करने, युवाओं के लिए रोजगार योजना, सुदर्शन चक्र मिशन जैसे कई अहम ऐलान किए। स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी हर जानकारी के लिए Newstrack के इस पेज पर बने रहें।
Live Updates
- 15 Aug 2025 8:09 AM IST
टेक्नोलॉजी और ऊर्जा पर पीएम मोदी का बयान
पीएम मोदी ने टेक्नोलॉजी को देश के विकास के लिए जरूरी बताया और कहा कि इस साल के अंत तक 'मेड इन इंडिया' सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में आ जाएंगी। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में सोलर ऊर्जा 30 गुना बढ़ चुकी है। हम नए-नए डेम बना रहे हैं ताकि हाइड्रो पावर का विकास हो सके। मिशन ग्रीन हाइड्रोजन के तहत भारत हजारों करोड़ों का निवेश कर रहा है। न्यूक्लियर ऊर्जा में भी भारत तेजी से काम कर रहा है और 2047 तक हम अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को 10 गुना से ज्यादा बढ़ाने का लक्ष्य बना रहे हैं। इसके अलावा, प्राइवेट सेक्टर के लिए भी परमाणु ऊर्जा के रास्ते खोले गए हैं।
- 15 Aug 2025 8:04 AM IST
आत्मसम्मान की सबसे बड़ी अनुभूति आत्मनिर्भरता - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक देश के लिए आत्मसम्मान की सबसे बड़ी अनुभूति आत्मनिर्भरता है। विकसित भारत का आधार भी आत्मनिर्भरता ही है। जब किसी को दूसरों पर निर्भर रहने की आदत हो जाती है, तो यह एक बड़ी समस्या बन जाती है। आत्मनिर्भर बनने के लिए हमें हमेशा सचेत रहना पड़ता है। आत्मनिर्भरता सिर्फ आयात-निर्यात से नहीं जुड़ी होती, बल्कि यह हमारे सामर्थ्य से भी जुड़ी है। अगर आत्मनिर्भरता खत्म हो जाती है, तो सामर्थ्य भी खत्म होने लगता है। इसीलिए हमें आत्मनिर्भर रहना जरूरी है। उदाहरण के लिए, ऑपरेशन सिंदूर में अगर हम आत्मनिर्भर नहीं होते, तो इसे इस गति से पूरा नहीं कर पाते। हमें यह चिंता होती कि हथियार और सामान कहां से मिलेगा, लेकिन भारतीय सेना ने आत्मनिर्भरता के साथ अपना काम किया और सफलता हासिल की। पिछले दस सालों में हम सेना में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते आए हैं, जिससे ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सका।
- 15 Aug 2025 8:03 AM IST
खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे" - पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। अब देशवासियों को समझ में आ चुका है कि सिंधु समझौता कितना गलत है। हमारे देश की नदियों का पानी दुश्मन की ज़मीन पर जा रहा है, जबकि हमारे किसान पानी के लिए तरस रहे हैं।"
- 15 Aug 2025 8:01 AM IST
ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी का बयान
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा, "हमारे बहादुर जवानों ने दुश्मनों को उनकी सोच से कहीं ज्यादा ताकत से हराया। पहलगाम में जिस तरह से धर्म पूछकर लोगों को मारा गया, उससे पूरा हिंदुस्तान गुस्से से भरा हुआ था। ऑपरेशन सिंदूर उसी गुस्से का एक रूप था। 22 अप्रैल के बाद हमने सेना को पूरी छूट दे दी, ताकि वे अपनी रणनीति, लक्ष्य और समय खुद तय कर सकें। हमारी सेना ने ऐसा कर दिखाया जो कई दशकों से कभी नहीं हुआ था। सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की ज़मीन में घुसकर उन्हें मिट्टी में मिला दिया। अगर दुश्मन ने फिर ऐसी गलती की, तो हम उन्हें कड़ा जवाब देंगे। हम न्यूक्लियर धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।"
- 15 Aug 2025 8:00 AM IST
मोदी ने कहा कि प्रकृति हमसे परीक्षा ले रही
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रकृति हमसे परीक्षा ले रही है। हाल ही में भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाएं हुई हैं। इस मुश्किल समय में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत और बचाव कार्य में पूरी ताकत से काम कर रही हैं।
- 15 Aug 2025 7:45 AM IST
आजादी का यह महापर्व 140 करोड़ देशवासियों के लिए संकल्पों का पर्व है
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, "आजादी का यह महापर्व 140 करोड़ देशवासियों के लिए संकल्पों का पर्व है, यह सामूहिक उपलब्धियों और गौरव का पर्व है। मेरा दिल गर्व से भरा हुआ है। एकता की भावना और मजबूत हो रही है। आज 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हुए हैं।
- 15 Aug 2025 7:37 AM IST
पीएम मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया
पीएम मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया। इसके बाद हेलीकॉप्टर्स से फूलों की बारिश की गई। तिरंगा और ऑपरेशन सिंदूर का ध्वज भी लहराया गया।
- 15 Aug 2025 7:28 AM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पहुंच गए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पहुंच गए हैं। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है।
- 15 Aug 2025 7:26 AM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बापू को नमन करने के बाद पीएम मोदी अब लाल किले की ओर रवाना हो गए हैं।
- 15 Aug 2025 7:25 AM IST
पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी
पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी शुभकामनाएं हैं कि यह खास दिन हर नागरिक के जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा लाए, जिससे भारत के विकास की दिशा को और गति मिले। जय हिंद
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!