TRENDING TAGS :
79th Independence Day LIVE: प्रधानमंत्री मोदी का लाल किले से जोशीला संबोधन: भगवा साफ़ा पहनकर आत्मनिर्भर भारत से ऑपरेशन सिंदूर तक किया जिक्र
79th Independence Day LIVE:भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया और ऑपरेशन सिंदूर, आत्मनिर्भरता, दिवाली पर जीएसटी दरों में कमी, युवा रोजगार योजना और सुदर्शन चक्र मिशन जैसे महत्वपूर्ण ऐलान किए।
79th Independence Day LIVE:देशभर में 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। मुख्य समारोह में, लाल किले पर तिरंगा फहराने के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को उनके सोच से कहीं ज्यादा ताकत से हराया। ऑपरेशन सिंदूर इस गुस्से का प्रतीक है। उन्होंने देश की आत्मनिर्भरता पर भी बात की और कहा कि आत्मनिर्भरता एक राष्ट्र के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। इसके साथ ही उन्होंने दिवाली पर जीएसटी दरों को कम करने, युवाओं के लिए रोजगार योजना, सुदर्शन चक्र मिशन जैसे कई अहम ऐलान किए। स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी हर जानकारी के लिए Newstrack के इस पेज पर बने रहें।
Live Updates
- 15 Aug 2025 10:18 AM IST
PM मोदी छात्रों और जनता के बीच पहुंचे
लाल किले से अपना भाषण समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों और वहां मौजूद जनता के पास गए और उनका अभिवादन किया।
- 15 Aug 2025 9:42 AM IST
जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है
जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है’, पीएम मोदी ने इसी उद्घोष के साथ अपने भाषण को समाप्त किया। राष्ट्रगान के बाद लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का यह कार्यक्रम समाप्त हुआ।
- 15 Aug 2025 9:41 AM IST
PM मोदी ने RSS की तारीफ की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज मुझे गर्व है कि मैं एक बहुत महत्वपूर्ण बात साझा कर रहा हूं। आज से 100 साल पहले एक संगठन की शुरुआत हुई थी – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)। यह 100 साल की राष्ट्र सेवा एक गौरवपूर्ण और स्वर्णिम इतिहास है। RSS ने व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक, और संकल्प से लेकर मातृभूमि के कल्याण तक, अपना जीवन समर्पित किया है। यह संगठन सेवा, समर्पण, अनुशासन और संगठन की पहचान है। RSS दुनिया का सबसे बड़ा NGO है और इसका 100 साल का समर्पण का इतिहास है।" "आज, लाल किले से मैं उन सभी स्वयंसेवकों को आदरपूर्वक याद करता हूं जिन्होंने इस यात्रा में योगदान किया। देश को गर्व है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 100 वर्षों तक देश की सेवा की है, और यह यात्रा हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी।"
- 15 Aug 2025 9:33 AM IST
पीएम मोदी ने 2035 तक अहम स्थलों के लिए सुदर्शन चक्र मिशन की घोषणा की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2035 तक हम अहम स्थानों को सुरक्षा कवच प्रदान करेंगे। इसके लिए "सुदर्शन चक्र मिशन" की शुरुआत की जा रही है। इस मिशन के तहत इन स्थलों को सुरक्षा के साथ-साथ रक्षा और आक्रमण दोनों की सुविधा दी जाएगी।
- 15 Aug 2025 9:26 AM IST
पीएम मोदी ने घुसपैठियों के खिलाफ हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की जनसंख्या संरचना (डेमोग्राफी) को जानबूझकर बदला जा रहा है। नए संकट का माहौल तैयार किया जा रहा है। घुसपैठिए हमारे रोजगार छीन रहे हैं और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं, जो बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। यह देश ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेगा। डेमोग्राफी में बदलाव से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है, और कोई भी देश इसे नहीं सहन कर सकता। इसलिए, हम इस पर कड़ी कार्रवाई करेंगे और एक हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का निर्णय लिया है। यह मिशन इस संकट को ठीक करने के लिए तय समय में सटीक और सोच-समझकर कदम उठाएगा।
- 15 Aug 2025 9:21 AM IST
प्रधानमंत्री मोदी ने विविधता की महत्वता और पांडुलिपियों में समृद्ध ज्ञान की बात की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम विविधता को मनाना चाहते हैं, क्योंकि यह हमारी बड़ी विरासत और गौरव है। प्रयागराज के महाकुंभ में हमने देखा कि विविधता को कैसे अपनाया और जिया जाता है। हमारी भाषाओं की समृद्धि जितनी ज्यादा होगी, हमारी ताकत उतनी ही बढ़ेगी। पांडुलिपियों में ज्ञान का खजाना है, और यह ज्ञान आने वाली पीढ़ियों के लिए काम आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश सरकारों से नहीं बनता, बल्कि यह कोटि-कोटि लोगों के संघर्ष और प्रयासों से बनता है।
- 15 Aug 2025 9:15 AM IST
किसानों और मछुआरों के अधिकारों की रक्षा का भरोसा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में किसानों के लिए "पीएम धन धान्य कृषि योजना" की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों और मछुआरों के हितों के खिलाफ कोई भी नीति नहीं चलने देंगे। भारत अपने किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के अधिकारों पर कभी समझौता नहीं करेगा, और मोदी हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
- 15 Aug 2025 8:49 AM IST
3.5 करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये की योजना शुरू कर रहे हैं, जिसे "प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना" कहा जाएगा। यह योजना आज से लागू हो रही है। जो युवा निजी क्षेत्र में अपनी पहली नौकरी करेंगे, उन्हें सरकार 15 हजार रुपये देगी। कंपनियों को भी प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इस योजना से साढ़े तीन करोड़ युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे।
- 15 Aug 2025 8:46 AM IST
दिवाली पर पीएम मोदी ने क्या तोहफा देने का किया ऐलान?
पीएम मोदी ने कहा कि इस दिवाली आपको एक बड़ा तोहफा मिलने वाला है। आठ साल पहले हमने जीएसटी लागू करके सुधार की शुरुआत की थी। अब समय की जरूरत को देखते हुए हमने इसका पुनरावलोकन किया और राज्यों से भी सुझाव लिए। इस दिवाली हम जीएसटी में बड़े सुधार का तोहफा लेकर आ रहे हैं, जिससे जीएसटी की दरें कम होंगी और लोगों को राहत मिलेगी।
- 15 Aug 2025 8:44 AM IST
हमें किसी और की लकीर को छोटा करने में अपनी ऊर्जा नहीं लगानी चाहिए- PM Modi
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें किसी और की लकीर को छोटा करने में अपनी ऊर्जा नहीं लगानी चाहिए। हमें अपनी लकीर को लंबा करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। अगर हम ऐसा करेंगे, तो दुनिया भी हमारी सराहना करेगी। वैश्विक हालात में आर्थिक स्वार्थ बढ़ रहे हैं, इसलिए अब हमें अपनी दिशा मजबूत करनी है। यदि हम यह रास्ता चुनते हैं, तो कोई भी वैश्विक स्वार्थ हमें अपने जाल में नहीं फंसा सकता।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!