TRENDING TAGS :
जादूगरनी का जादू! केवल पहली क्लास तक पढ़ी ये 'जादूपरी' आंखों के सामने बैठकर बता देंगी मन की बात, जीता मैजिक का 'ऑस्कर'
Suhani Shah Success Story: टोरिनो (इटली) में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ मैजिक में सुहानी शाह को मिला ‘बेस्ट मैजिक क्रिएटर’ अवॉर्ड। जानिए उनकी सक्सेस स्टोरी
Suhani Shah success story
Suhani Shah Success Story: भारत की मशहूर Mentalist और मेजिशियन सुहानी शाह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। उन्हें हाल ही में इटली के टोरिनो शहर में आयोजित FISM World Championship of Magic 2025 में ‘Best Magic Creator’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार जादू की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है और इसे 'मैजिक का ऑस्कर' भी कहा जाता है। इस अवॉर्ड को जीतने वाली वह भारत की पहली कलाकार बन गई हैं।
FISM (Fédération Internationale des Sociétés Magiques) द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता हर तीन साल में होती है, जिसमें दुनियाभर के नामचीन जादूगर और मेंटलिस्ट हिस्सा लेते हैं। इस बार सुहानी शाह को उनके डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किए गए रचनात्मक प्रयोगों और माइंड रीडिंग तकनीकों के लिए यह खिताब दिया गया।
बचपन में छोड़ा स्कूल और मंच को बनाया जीवन
गुजरात के उदवाड़ा में जन्मी सुहानी आज भारत ही नहीं, बल्कि विश्व मंच पर जानी-पहचानी मेंटलिस्ट बन चुकी हैं। सुहानी शाह ने सिर्फ 7 साल की उम्र में स्टेज पर जादू का पहला प्रदर्शन किया था। पारंपरिक शिक्षा प्रणाली को छोड़कर उन्होंने होम स्कूलिंग को अपनाया, ताकि जादू के क्षेत्र में वह पूरी तरह समर्पित रह सकें। तब से लेकर अब तक वह 5000 से ज्यादा लाइव शोज़ कर चुकी हैं।
जादू को उन्होंने केवल भ्रम का खेल नहीं, बल्कि मानव व्यवहार और मनोविज्ञान से जुड़ा विज्ञान माना है। उनकी परफॉर्मेंस में NLP (Neuro Linguistic Programming), माइंड रीडिंग और बॉडी लैंग्वेज इंटरप्रिटेशन जैसी तकनीकों का मेल देखने को मिलता है।
सोशल मीडिया पर छाई सुहानी
सुहानी शाह सोशल मीडिया पर एक प्रभावशाली नाम हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर लाखों सब्सक्राइबर हैं और उनके शोज़ जैसे ‘That’s My Job’, ‘Show Real’, और ‘Mind Games’ को सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता मिली है। उन्होंने भुवन बाम, ज़ाकिर खान और रणवीर अल्लाहबादिया (BeerBiceps) जैसे कंटेंट क्रिएटर्स के साथ भी कोलैब किया है, जिससे उनकी पहुंच युवा वर्ग तक और भी गहरी हुई है। वह TEDx टॉक्स में भी कई बार स्पीकर के रूप में आमंत्रित की जा चुकी हैं।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
FISM के अवॉर्ड से पहले भी सुहानी शाह को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें ऑल इंडिया मैजिक एसोसिएशन द्वारा ‘जादूपरी’ की उपाधि दी जा चुकी है। इसके अलावा वह कई सामाजिक संस्थाओं से भी सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं।
परफॉर्मेंस में रहता है साइंस और साइकॉलोजी का मेशअप
सुहानी शाह अपने शोज़ में पारंपरिक जादू जैसे टॉपी में कबूतर निकालना ताश के पत्तों का खेल आदि की जगह मेंटलिज़्म, माइंड रीडिंग, हाइप्नोटिज्म, और NLP (Neuro-Linguistic Programming) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती हैं। उनका तरीका वैज्ञानिक होता है और वे हर बार यह स्पष्ट करती हैं कि यह कोई देवीय शक्ति नहीं, बल्कि मानव मन और व्यवहार का गहन अध्ययन है। शो के दौरान वह लोगों के चेहरे के भाव, हाव-भाव, बातचीत की शैली और सोचने के ढंग को पढ़कर यह बताती हैं कि सामने वाला क्या सोच रहा है या किस नंबर या शब्द के बारे में विचार कर रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री को लेकर की थी टिप्पणी
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक इंटरव्यू में जब सुहानी शाह से बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री जैसे चमत्कार दिखाने वाले लोगों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा था कि, "अगर कोई किसी के मन की बात जानता है, तो वह चमत्कार नहीं है, बल्कि एक कला है, जो सीखी जा सकती है।" यह बयान उनके फैंस के बीच इतना वायरल हुआ कि लोगों ने इसे धीरेंद्र शास्त्री को अप्रत्यक्ष चुनौती मान लिया। हालांकि, सुहानी ने सीधे तौर पर किसी को चुनौती नहीं दी, लेकिन उन्होंने यह ज़रूर कहा कि "मैं जो करती हूं, वह मंच पर, कैमरे के सामने और खुल्लमखुल्ला होता है।"
एक महिला कलाकार के रूप में नई राह बनाई
भारत में जादू को आमतौर पर पुरुष प्रधान क्षेत्र माना गया है, लेकिन सुहानी शाह ने इस सोच को तोड़ा है। उन्होंने यह साबित किया है कि एक महिला भी इस क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना सकती है। उनके इस योगदान को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
सुहानी शाह की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गर्व का विषय है। उनके संघर्ष, समर्पण और रचनात्मकता ने भारत को जादू की दुनिया में वह स्थान दिलाया है जो अभी तक कोई न कर सका। FISM अवॉर्ड जीतकर उन्होंने यह साबित किया है कि जुनून और कड़ी मेहनत के साथ कोई भी सीमाएं नहीं रह जातीं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!