TRENDING TAGS :
कौन हैं सचिन यादव? जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा को छोड़ा पीछे
Kaun hain Sachin Yadav: वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में सचिन यादव ने नीरज चोपड़ा से बेहतर थ्रो कर चौंकाया। क्रिकेट छोड़ एथलेटिक्स में बनाई खास पहचान।
Kaun hain Sachin Yadav: वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में गुरुवार का दिन भारतीय जैवलिन थ्रो के लिए मिला-जुला रहा। जहां ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए, वहीं बागपत खेकड़ा कस्बे से आए सचिन यादव ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा।
25 वर्षीय सचिन ने टोक्यो में चल रही चैंपियनशिप में पहले ही प्रयास में 86.27 मीटर का थ्रो कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। छह में से चार थ्रो उन्होंने 84 मीटर से ऊपर किए, फिर भी वे चौथे स्थान पर रहे और भारत को मेडल नहीं दिला सके।
नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन इस बार कुछ कमजोर रहा। उन्होंने क्रमश:
• पहला थ्रो: 83.65 मीटर
• दूसरा: 84.03 मीटर
• तीसरा: फाउल
• चौथा: 82.86 मीटर
• पांचवां और अंतिम: फाउल किया।
वहीं, सचिन ने:
• पहला थ्रो: 86.27 मीटर
• दूसरा: फाउल
• तीसरा: 85.71 मीटर
• चौथा: 84.90 मीटर
• पांचवां: 85.96 मीटर
• छठा: 80.95 मीटर फेंका।
क्रिकेट से एथलेटिक्स तक का सफर
2019 तक सचिन यादव केवल अपने गांव में टेनिस-बॉल क्रिकेट खेला करते थे और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। वो तेज़ गेंदबाज़ और फ्लोटर बल्लेबाज़ थे, लेकिन खुद कहते हैं, "क्रिकेट मेरे लिए बस रविवार का टाइमपास था। कभी सोचा नहीं था कि खेल को करियर बनाऊंगा।"
कोच संदीप यादव ने बदली जिंदगी
खेकड़ा के स्थानीय कोच संदीप यादव ने सचिन की प्रतिभा क्रिकेट के मैदान में देखी। उनकी तेज़ आर्म-स्पीड देखकर संदीप ने उन्हें जैवलिन थ्रो की ओर प्रेरित किया। शुरुआती दिनों में सचिन ने बांस के भाले से अभ्यास शुरू किया। उन्होंने अपना पहला थ्रो 57 मीटर तक फेंका, जिसे संदीप ने "शानदार शुरुआत" कहा।
संदीप यादव, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, ने अपनी ड्यूटी के बावजूद वीडियो कॉल के ज़रिए सचिन को ट्रेन किया। बाद में उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल के कोच नवल सिंह से संपर्क किया। नवल, दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कोचिंग देते हैं। यहीं से सचिन का प्रोफेशनल सफर शुरू हुआ।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!