TRENDING TAGS :
Bulandshahr News: फेशियल अटेंडेंस ऐप पर हाजिरी नहीं लगाने पर PVVNL ने 357 कर्मचारियों का वेतन रोका, रोष
Bulandshahr News: PVVNL के चेयरमैन आशीष गोयल ने विभाग में कर्मचारियों द्वारा फेशियल अटेंडेंस ऐप (उर्जा जनशक्ति) से उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की थी। लेकिन बुलंदशहर में पहले महीने में ही यह व्यवस्था धड़ाम हो गई।
Bulandshahr News
Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर में PVVNL के चेयरमैन आशीष गोयल के निर्देश के बाद विद्युत विभाग ने फेशियल अटेंडेंस ऐप से हाजिरी न लगाने वाले 357 कर्मचारियों का वेतन रोक दिया, जिससे विद्युत विभाग के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। बताया जाता है कि अप्रैल 2025 में ट्रायल पर शुरू हुआ फेशियल अटेंडेंस ऐप पर मई 2025 से हाजिरी लगाने के आदेश जारी किए गए थे। हालांकि विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष आर.सी. द्विवेदी ने इसे कर्मचारियों का शोषण बताते हुए दावा किया कि संगठन इसका विरोध करेगा।
लापरवाही पर एक्शन में PVVNL के चेयरमैन!
PVVNL के चेयरमैन आशीष गोयल ने विभाग में कर्मचारियों द्वारा फेशियल अटेंडेंस ऐप (उर्जा जनशक्ति) से उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की थी। लेकिन बुलंदशहर में पहले महीने में ही यह व्यवस्था धड़ाम हो गई। जनपद में 357 कर्मचारियों द्वारा फेशियल अटेंडेंस ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। PVVNL के बुलंदशहर के चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने बताया कि सभी कर्मचारियों की अप्रैल में आईडी बनाई गई और मई में इसे लागू कर दिया गया था। नियमित रूप से कर्मचारी के अलावा संविदा कर्मी व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को इस ऐप पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया था। ऐप में गड़बड़ी होने की दशा में नोडल अधिकारी को सूचित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कर्मचारियों ने ऐप से हाजिरी लगाने में लापरवाही बरती है। जनपद में 357 ऐसे कर्मचारी चिन्हित किए गए जिन्होंने फेशियल अटेंडेंस ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं की। इस संबंध में चेयरमैन के निर्देश के बाद 357 कर्मचारियों के वेतन पर अग्रिम आदेश/निर्देश तक रोक लगा दी गई है। वेतन पर रोक लगाए जाने से कर्मचारियों में रोष पनपने लगा है।
कर्मचारी करेंगे विरोध: द्विवेदी
फेशियल अटेंडेंस से हाजिरी न लगाने पर वेतन रोकने को लेकर विद्युत कर्मचारियों में रोष पनपने लगा है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष आर.सी. द्विवेदी का कहना है कि वेतन रोकने का संगठन द्वारा विरोध किया जाएगा। बुधवार को निजीकरण को लेकर कर्मचारियों द्वारा हड़ताल की जाएगी, जिसमें वेतन रोकने का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
कर्मचारी फेशियल अटेंडेंस ऐप पर हाजिरी लगाएं: चीफ इंजीनियर
PVVNL के बुलंदशहर के चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने बताया कि बुलंदशहर ग्रामीण क्षेत्र में 35, खुर्जा में 22, खुर्जा शहरी क्षेत्र में 48, टेस्ट प्रथम में 2, ककोड़ में 26, सिकंदराबाद में 34, स्याना में 36, टेस्ट द्वितीय में 15, डिबाई में 57, जहांगीराबाद में 35, शिकारपुर में 40, टेस्ट तृतीय डिविजन में 7 सहित कुल 357 कर्मचारियों का वेतन रोका गया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से फेशियल अटेंडेंस ऐप पर उपस्थिति दर्ज करने की अपील की है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!