TRENDING TAGS :
Jhansi News: परमार्थ संस्था ने संकटग्रस्त किसानों को दी नई उम्मीद
Jhansi News: झांसी जिले में परमार्थ संस्था ने मौसम की मार झेल रहे किसानों को दिया सहारा, 100 किसानों में बांटे उन्नत बीज, आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में कदम।
परमार्थ संस्था ने संकटग्रस्त किसानों को दी नई उम्मीद (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। बुंदेलखंड में जलवायु परिवर्तन का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अनियमित वर्षा, तापमान में उतार-चढ़ाव और सूखे की स्थिति ने किसानों की कमर तोड़ दी है। फसलों की बर्बादी और बढ़ती लागत के बीच किसान आज आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे मुश्किल हालात में परमार्थ समाजसेवी संस्था ने किसानों के लिए राहत की किरण जगाई है।
परमार्थ संस्था ने जरूरतमंद और प्रभावित किसानों के लिए बीज वितरण अभियान चलाया है। इस पहल के तहत झांसी जिले के विभिन्न गांवों में लगभग 100 किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए गए। यह बीज स्थानीय जलवायु के अनुरूप और बेहतर उत्पादकता वाले हैं, जिससे किसानों को अगले सीजन में बेहतर पैदावार की उम्मीद है।
बीज वितरण कार्यक्रम ग्राम स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कहा कि यह सहायता उनके लिए संबल का काम करेगी और कृषि लागत में भी कमी आएगी।
परमार्थ संस्था के प्रमुख डॉ. संजय सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल राहत देना नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा, “जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामुदायिक सहयोग, वैज्ञानिक खेती और जल संरक्षण को बढ़ावा देना आवश्यक है। संस्था भविष्य में भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर ही सतत कृषि का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस पहल को लेकर स्थानीय किसानों ने संस्था के प्रति आभार जताया और कहा कि ऐसे प्रयास ही ग्रामीण भारत की रीढ़ को मजबूती प्रदान करते हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


