TRENDING TAGS :
Pilibhit News: भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, 7 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा मांग पत्र
Pilibhit News: तहसील अध्यक्ष अमरिया ने सरकार की स्कूल मर्ज करने की स्कीम को सरासर गलत बताया और कहा कि विद्यालयों को संरक्षण दिया जाना चाहिए तथा किसी भी विद्यालय को मर्ज नहीं किया जाना चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, 7 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा मांग पत्र (photo: social media )
Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की तहसील स्तरीय मासिक पंचायत विकासखंड अमरिया के प्रांगण में अध्यक्ष रामगोपाल प्रजापति की अध्यक्षता में संपन्न हुई। पंचायत में उप जिलाधिकारी अमरिया को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। पंचायत में ब्लॉक प्रमुख अमरिया निशान सिंह उर्फ श्याम सिंह भी मौजूद रहे।
पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि अमरिया तहसील और अमरिया विकासखंड में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है। ग्रामीण परेशान हैं जबकि प्रशासन मौज में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृत्यु प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र आदि बनवाने के लिए वर्षों भटकना पड़ता है। उन्होंने अमरिया के विकास विभाग पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
स्कूल मर्ज करने की स्कीम को सरासर गलत बताया
तहसील अध्यक्ष अमरिया ने सरकार की स्कूल मर्ज करने की स्कीम को सरासर गलत बताया और कहा कि विद्यालयों को संरक्षण दिया जाना चाहिए तथा किसी भी विद्यालय को मर्ज नहीं किया जाना चाहिए। पंचायत को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष नंद किशोर राठौर ने "एक देश एक प्रदेश एक संविधान" का हवाला देते हुए एक ही शिक्षा नीति होने की बात कही और दोहरी शिक्षा नीति का भारतीय किसान यूनियन (भानु) द्वारा विरोध करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्राइवेट विद्यालयों में शिक्षा को व्यवसाय बना रखा है और कक्षा एक की किताबों का मूल्य तीन से चार हजार रुपये होता है, जिसे गरीब परिवार वहन नहीं कर सकते। उन्होंने ऐसे विद्यालय प्रबंधन समितियों की जांच कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने और उनके लाइसेंस रद्द करने की मांग की।
पंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री शिवचरण लाल वर्मा ने कहा कि आवारा पशु और जंगली जानवर (शेर) हर वर्ष सैकड़ों किसानों को अपना निवाला बनाते हैं। उन्होंने जंगल की तार फेंसिंग कराने और जंगली जानवरों द्वारा मारे गए किसानों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग सरकार से की।
पैमाइश के नाम पर धोखाधड़ी
पंचायत को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष बाबूराम वर्मा ने कहा कि अमरिया तहसील में भारी भ्रष्टाचार के कारण चकबंदी विभाग द्वारा पैमाइश के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है और अंश निर्धारण में पूर्णतः धोखाधड़ी हो रही है, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने शासन से भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की जरूरत बताई। बालमुकुंद प्रजापति ने कहा कि पुलिस प्रशासन से गरीब मजदूर परेशान हैं और भोले-भाले किसानों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्होंने 24 जुलाई को खकरा चौकी इंचार्ज सौरभ तोमर द्वारा ग्राम नाकुड़ में वृद्ध महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए सौरभ तोमर के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
सूर्य प्रकाश शर्मा ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए नहरों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए और पीलीभीत में उर्वरकों की किल्लत है, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उर्वरक लगने से फसल भी बढ़ जाएगी। पंचायत में अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष निसार शाह, दौलत सिंह प्रजापति, रघुवर सिंह प्रजापति, डालचंद मौर्य, छगनलाल छदंबी लाल, परमेश्वरी दयाल, दयाराम, प्रेम नारायण, प्रेम शंकर, जगत नारायण, शालिग्राम, कमला देवी, कलावती, धर्मावती सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!