TRENDING TAGS :
Raebareli News: ’बर्तन बदलो-गहने पाओ’ गैंग का आतंक, दो दर्जन महिलाओं को लगाया लाखों का चूना
Raebareli News: चंदापुर थाना क्षेत्र के नया पुरवा गांव में शनिवार को इस गैंग ने 21 महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया, वहीं महाराजगंज थाना क्षेत्र के पूरे तेजिया गांव में दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया।
raebareli news
Raebareli News: रायबरेली जिले के ग्रामीण इलाकों में शातिर ठग महिलाओं का एक ऐसा गिरोह सक्रिय हो गया है, जो भोले-भाली महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये के आभूषण ठग रहा है। इस गैंग ने शनिवार को महाराजगंज और चंदापुर थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देते हुए तकरीबन दो दर्जन महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनके सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गईं।
21 महिलाओं को बनाया ठगी का शिकार
चंदापुर थाना क्षेत्र के नया पुरवा गांव में शनिवार को इस गैंग ने 21 महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया, वहीं महाराजगंज थाना क्षेत्र के पूरे तेजिया गांव में दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया। ये महिलाएं खुद को किसी महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ा हुआ बताती हैं और पहले दिन गांव में घूम-घूमकर लोगों को पुराने और टूटे बर्तनों के बदले नए बर्तन देती हैं। इस तरह ये ग्रामीण महिलाओं का विश्वास जीत लेती हैं।
एक बार जब महिलाएं इन पर भरोसा कर लेती हैं, तो अगले ही दिन ये ठग फिर से उन महिलाओं के पास पहुंचती हैं और उन्हें एक आकर्षक ऑफर देती हैं। ये बताती हैं कि उनके समूह की ओर से केवल चार घंटे के लिए एक विशेष लाभकारी योजना आई है। इस योजना के तहत, यदि महिलाएं अपने सोने-चांदी के आभूषण उन्हें सौंपती हैं, तो चार घंटे के बाद उन्हें उनके आभूषणों के साथ-साथ छह हजार रुपये नकद भी वापस मिलेंगे।
ग्रामीण महिलाएं इन ठगों की चिकनी-चुपड़ी बातों और पहले दिन मिले लाभ के झांसे में आसानी से आ जाती हैं और बिना सोचे-समझे अपने कीमती आभूषण उन्हें सौंप देती हैं। जब चार घंटे बीत जाते हैं और ठग महिलाएं वापस नहीं लौटतीं, तब जाकर महिलाओं को अपने साथ हुई ठगी का एहसास होता है। अगले दिन ठगी की शिकार हुई महिलाओं ने स्थानीय थानों में जाकर पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है और टप्पेबाज महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
महाराजगंज के सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को महिलाओं से तहरीर मिली है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के अज्ञात लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचें। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही इस गैंग का पर्दाफाश कर ठगी की शिकार हुई महिलाओं को न्याय दिलाएगी। इस घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों की महिलाओं में दहशत का माहौल है और वे अब किसी भी अनजान व्यक्ति पर आसानी से विश्वास करने से डर रही हैं। पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील कर रही है।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge