TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: शिवशक्ति महोत्सव में लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम, विभूतियों को सम्मान
Sonbhadra News: शिवशक्ति महोत्सव में लोकगीत, नृत्य और नाट्य से झूम उठा सोनांचल, विभूतियों को मिला सम्मान
शिवशक्ति महोत्सव में लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम, विभूतियों को सम्मान (photo: social media )
Sonbhadra News: दीपावली के अगले ही दिन शिवद्वार में संस्कृति, श्रद्धा और लोककला का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवशक्ति लोक रंगमंच महोत्सव ने अपनी भव्यता और मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा माहौल बनाया कि पूरी रात शिवद्वार लोककला की रसधारा में सराबोर रहा। लोकगीत, नृत्य, लोकनाट्य और वादन की ऐसी श्रृंखला देखने को मिली, जिसने सोनांचल की मिट्टी की खुशबू को फिर से जीवंत कर दिया।
महोत्सव की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मानद विभूतियों के सम्मान समारोह से हुई। यह आयोजन क्षेत्र की उन दिव्य विभूतियों को समर्पित रहा, जिन्होंने लोकसंस्कृति और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया। इस अवसर पर सिद्ध संत पंडित शीतला प्रसाद शुक्ल चिर स्मृति सम्मान से पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमरनाथ सिंह चौधरी को तथा भोजपुरी कवि मुंशी मंगल लाल चिर स्मृति सम्मान से कवि परमहंस सिंह (चंदौली) को सम्मानित किया गया।
समारोह में ब्लॉक प्रमुख संजय यादव, जिला पंचायत सदस्य नीरज कुमार श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह समेत कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। आयोजक मंडल ने अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न और सपात्र नारियल भेंट कर सम्मानित किया।
विलुप्त होती लोकविधाओं का जीवंत प्रदर्शन किया
महोत्सव के दौरान रामबली की मंडली ने कोलदहकी और नटुआ जैसी विलुप्त होती लोकविधाओं का जीवंत प्रदर्शन किया, जबकि शिवनारायण गिरिया की टीम ने कर्मा नृत्यगीत को कई लोकभाषाओं में प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
लोकगायन में कवि मुरेश, सोहन मौर्य, कैलाश भारती, राजकुमारी गुप्ता, श्यामवीर यादव, रामधनी विश्वकर्मा, गजानंद पांडेय, कमलेश प्रजापति, कवि मुन्नर यादव, हरिप्रसाद प्रजापति, लवकुश कुमार और अन्य कलाकारों ने अपनी आवाज से लोकधुनों की झंकार बिखेरी। इसमें न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के लोककलाकारों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
कार्यक्रम का संचालन हीरापति यादव और शेषधर पाल ने दो सत्रों में शानदार ढंग से किया। संरक्षक डॉ. परमेश्वर दयाल ‘पुष्कर’ ने स्वागत भाषण दिया और अध्यक्ष मुन्नर यादव ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में अपर जिलाधिकारी बागीश शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख संजय यादव, जिला पंचायत सदस्य नीरज कुमार श्रीवास्तव, दयाशंकर रौनियार, लोकपति पटेल, लवकुश कुमार गुप्त सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिवशक्ति लोक रंगमंच महोत्सव ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि सोनांचल की लोकसंस्कृति केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी जनमानस की धड़कन में बसी हुई है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!