TRENDING TAGS :
Chandauli News: एकजुट विपक्ष का संकल्प: चंदौली में गरजे सांसद, 2027 में सत्ता परिवर्तन का भरा दम
Chandauli News: जन संवाद कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज संसद में बुलंद की जाएगी।
समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया (Photo- Newstrack)
Chandauli News: दीनदयाल उपाध्याय नगर में आज भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी- लेनिनवादी द्वारा आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज संसद में बुलंद की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य "फासीवादी मनुवादी ताकतों को शिकस्त दो, संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे बढ़ो" के नारे को बुलंद करना था।
संघर्ष की ताकतों की एकता ही विजय का मंत्र
मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संघर्ष करने वाली ताकतों की एकजुटता लगातार बढ़ रही है और यही वह शक्ति है जिसके दम पर इंडिया गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में चंदौली जिले की सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगा। उन्होंने गठबंधन के सभी घटक दलों की अटूट एकता पर जोर दिया और विश्वास जताया कि जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है।
सत्ता का दुरुपयोग और लोकतंत्र पर खतरा: माले नेता का तीखा हमला
भाकपा(माले) के केंद्रीय कमेटी सदस्य और उत्तर प्रदेश राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए हाल ही में इटावा में हुई घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि किस प्रकार लोकतांत्रिक देश में पुरानी सामंती व्यवस्था को वापस लाने की कोशिशें हो रही हैं, जहाँ ज्ञान और शिक्षा को दंडित किया जाता था।
माले राज्य सचिव ने श्रावस्ती और सिद्धार्थ नगर में बुलडोजर से मदरसों को गिराने की कार्रवाई की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और फासीवादी मनुवादी विचारधारा को थोपने का प्रयास कर रही है। इसके खिलाफ जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने और वैचारिक रूप से मुकाबला करने की आवश्यकता पर उन्होंने बल दिया। उन्होंने इंडिया गठबंधन से इस दिशा में और अधिक सक्रिय होने का आह्वान किया।
क्षेत्र की समस्याओं पर सांसद का ध्यान
कार्यक्रम के अंत में भाकपा(माले) के जिला सचिव कामरेड अनिल पासवान ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सांसद वीरेंद्र सिंह को सौंपा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद इन महत्वपूर्ण सवालों को संसद में उठाएंगे और उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
जन संवाद कार्यक्रम में भाकपा(माले) के राज्य कमेटी सदस्य कामरेड शशिकांत सिंह, इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड ठाकुर प्रसाद, अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला अध्यक्ष कामरेड श्रवन मौर्य, अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष कामरेड रामदुलार बिंद, अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन की जिला अध्यक्ष कामरेज मुन्नी गोड, भाकपा(माले) के सकलडीहा ब्लॉक सचिव कामरेड उमानाथ चौहान और चर्चित आदिवासी नेता रामकृत कोल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने की, जबकि संचालन भाकपा(माले) के जिला सचिव कामरेड अनिल पासवान ने कुशलतापूर्वक किया। इस जन संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को साझा किया।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!