TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में ऑपरेशन कन्विक्शन: 284 अपराधियों को सजा, महिलाओं की सुरक्षा मजबूत
Meerut News: मेरठ परिक्षेत्र में महिला अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन कन्विक्शन में 284 अपराधियों को सजा, कानून का राज कायम
ऑपरेशन कन्विक्शन" में मेरठ परिक्षेत्र की ऐतिहासिक सफलता (photo: social media )
Meerut News: उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर शासन की सख्त मंशा अब जमीनी हकीकत में बदलती दिख रही है। मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस का “ऑपरेशन कन्विक्शन” मिशन शक्ति 5.0 के साथ मिलकर अपराधियों के लिए डर और कानून के राज की मिसाल बन गया है। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2025 में अब तक महिला संबंधी 215 मामलों में 284 अभियुक्तों को सजा सुनाई जा चुकी है। इनमें 6 अभियुक्तों को आजीवन कारावास और 11 अभियुक्तों को 20 व 10 वर्ष की सजा मिली है — यह सब केवल बीते 10 महीनों में संभव हुआ है।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बुधवार को बताया कि शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत परिक्षेत्र के मेरठ, बुलन्दशहर, बागपत और हापुड़ जिलों में महिला अपराधों (दहेज हत्या, बलात्कार, छेड़छाड़, पॉक्सो आदि) के मामलों को प्राथमिकता से चिन्हित किया गया। 01 जनवरी 2025 से 21 अक्टूबर 2025 तक इन मामलों की तेज़ और प्रभावी पैरवी कर न्यायालयों से सजा दिलाने में पुलिस ने सफलता हासिल की।
जनपदवार प्रदर्शन भी प्रभावशाली रहा:
बुलन्दशहर सबसे आगे रहा, जहां 99 प्रकरणों में सजा और 120 अभियुक्तों को दंड मिला।
मेरठ में 37 प्रकरणों में 52 अभियुक्त दंडित हुए।
हापुड़ में 48 मामलों में 67 अभियुक्तों को सजा दी गई।
बागपत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 31 मामलों में 45 अभियुक्तों को सजा दिलाई।
मिशन शक्ति के तहत सिर्फ एक माह में 28 मामलों में फैसला आया, जिनमें मेरठ के टीपीनगर और फलावदा में महिलाओं की हत्या और दुष्कर्म के मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई। हापुड़ के पिलखुआ में पत्नी की हत्या करने वाले पति को भी उम्रकैद मिली। वहीं बुलन्दशहर के कोतवाली नगर और नरौरा में दुष्कर्मियों को आजीवन कारावास देकर अदालतों ने सख्त संदेश दिया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं।
डीआईजी नैथानी ने कहा कि पुलिस, अभियोजन और न्यायालय के बीच बेहतरीन तालमेल और त्वरित कार्रवाई के चलते सजा की दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऑपरेशन कन्विक्शन और मिशन शक्ति के तहत मेरठ परिक्षेत्र देश के लिए एक मॉडल बन रहा है।”
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!







