TRENDING TAGS :
Meerut News: बारावफात और गणेशोत्सव पर सख्त चौकसी, मेरठ रेंज में 3400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
बारावफात और गणेशोत्सव पर पुलिस ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए, 3400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात।
Meerut News: बारावफात और गणेशोत्सव के मौके पर मेरठ रेंज में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी के निर्देश पर दोनों पर्वों के लिए अलग-अलग सुरक्षा योजनाएं बनाई गई हैं। पर्वों के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए तीनों जिलों में विशेष चौकसी बरती जाएगी।
बारावफात के लिए 1,672 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। इसमें 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 23 सीओ, 65 इंस्पेक्टर, 300 उपनिरीक्षक, 482 मुख्य आरक्षी, 505 आरक्षी, 340 होमगार्ड और एक कंपनी पीएसी शामिल है। इस अवसर पर 35 जुलूस और 11 मजलिस निकाले जाएंगे। मेरठ में 5 जुलूस और 6 मजलिस, बुलंदशहर में 28 जुलूस और 3 मजलिस जबकि हापुड़ में 2 जुलूस और 2 मजलिस आयोजित होंगी। पुलिस ने कुल 34 हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं, जहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
वहीं, गणेशोत्सव के दौरान 1,753 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। इसमें 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 23 सीओ, 59 इंस्पेक्टर, 318 उपनिरीक्षक, 482 मुख्य आरक्षी, 530 आरक्षी, 335 होमगार्ड और 2 प्लाटून पीएसी तैनात किए गए हैं। 32 घाटों पर 144 मूर्तियों का विसर्जन होगा। मेरठ में 7 घाटों पर 44, बुलंदशहर में 12 घाटों पर 32, बागपत में 10 घाटों पर 54 और हापुड़ में 3 घाटों पर 14 मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। इसके अलावा 185 शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी।
डीआईजी नैथानी ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों का भौतिक निरीक्षण करने, बिजली के तारों व छतों पर रखी खतरनाक वस्तुएं हटवाने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि सख्त चौकसी के चलते दोनों पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न होंगे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!