×

Varanasi News: हिंदी को बढ़ावा देने पर जोर, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक

Varanasi News: आज, 23 जुलाई 2025 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की छमाही बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और उसकी प्रगति की समीक्षा करना था।

Ajit Kumar Pandey
Published on: 23 July 2025 6:24 PM IST
Varanasi News:  हिंदी को बढ़ावा देने पर जोर, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक
X

Varanasi News

Varanasi News: बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) के राजभाषा विभाग द्वारा आज, 23 जुलाई 2025 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की छमाही बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और उसकी प्रगति की समीक्षा करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष, नराकास एवं महाप्रबंधक बरेका, श्री नरेश पाल सिंह ने वाराणसी के हिंदी भाषा को समृद्ध करने में दिए गए अनूठे योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने सभी कार्यालयों से इस विरासत को ध्यान में रखते हुए अपना समस्त कार्य हिंदी में करने का आग्रह किया। श्री सिंह ने कहा कि जनता की भाषा में कार्य करके ही सही मायने में लोक सेवा की जा सकती है। उन्होंने जोर दिया कि विकसित भारत के निर्माण के लिए तकनीकी क्षेत्र में मौलिक चिंतन एवं लेखन आवश्यक है, जो हिंदी में ही संभव है। उन्होंने सभी कार्यालयों से अपने-अपने क्षेत्र के तकनीकी ज्ञान को हिंदी में लिखकर नराकास की पत्रिका "बनारस दर्पण" में भेजने का भी आग्रह किया। उन्होंने संसदीय राजभाषा समिति के निर्देशों का पालन करने और अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में भागीदारी का भी आह्वान किया। श्री सिंह ने कहा कि हिंदी देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही है और हमें हिंदी में कार्य करके देश को और मजबूत बनाना है।

मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी, विनीत कुमार श्रीवास्तव ने राजभाषा की प्रगति के लिए अधिक से अधिक विचार गोष्ठियों के आयोजन पर बल दिया। निदेशक, विमानपत्तन प्राधिकरण, पुनीत गुप्ता ने तकनीकी लेखन हिंदी में करने की आवश्यकता पर जोर दिया। केंद्रीय सचिवालय हिंदी परिषद के प्रतिनिधि सुरेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी कार्यालयों से राजभाषा नीति का कड़ाई से अनुपालन करने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, केंद्रीय निगमों और स्वायत्तशासी संगठनों के कार्यालयों के विभागाध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की ई-पत्रिका "बनारस दर्पण" का लोकार्पण भी किया गया।

इससे पूर्व, मुख्य राजभाषा अधिकारी, बरेका एवं उपाध्यक्ष, नराकास, प्रवीण कुमार ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के लिए किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों से अवगत कराया। बैठक का संचालन करते हुए समिति के सदस्य सचिव एवं बरेका के वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने भारत सरकार द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम के सभी मदों की प्रगति से समिति को अवगत कराया।

Start Quiz

This Quiz helps us to increase our knowledge

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!