TRENDING TAGS :
UP Tiranga Yatra: 'हर घर तिरंगा अभियान 2025' के अंतर्गत निकाली गई तिरंगा यात्रा, छात्र-छात्राओं में दिखा जोश
UP Tiranga Yatra: हर घर तिरंगा अभियान 2025' के अंतर्गत प्रदेश में तिरंगा से सजी बाइकों पर सवार छात्र-छात्राओं के जोश और उमंग ने परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
'हर घर तिरंगा अभियान 2025' के अंतर्गत निकाली गई तिरंगा यात्रा, छात्र-छात्राओं में दिखा जोश (Photo- Newstrack)
UP Tiranga Yatra: हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत की गई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान जोरों पर है। सरकार का मकसद है कि हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाए और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे। इसके तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से लोगों को जोड़ा जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को जन-जन तक पहुँचाना है।
Jaunpur News: पीयू से गोद लिए कुकड़ीपुर, जासोपुर गांव में गई बाइक यात्रा
Jaunpur News: जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में "हर घर तिरंगा अभियान 2025" के तहत सोमवार को तिरंगा बाइक यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा विश्वविद्यालय परिसर स्थित सरस्वती सदन, कुलपति कार्यालय से अपराह्न 12:00 बजे कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पीयू से गोद लिए कुकड़ीपुर, जासोपुर गांव में गई बाइक यात्रा
तिरंगे से सजी बाइकों पर सवार छात्र-छात्राओं के जोश और उमंग ने परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से निकलकर आस-पास के गोद लिए गए जासोपुर, कुकड़ीपुर गांव में पहुंची।
जहां ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया। इस दौरान "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के गगनभेदी नारे वातावरण में गूंजते रहे। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने उद्बोधन में कहा कि यह यात्रा न केवल राष्ट्रध्वज के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर छात्र अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. राकेश यादव, प्रो. राजबहादुर यादव, डॉ. अनुराग मिश्र ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नोडल डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. सुनील कुमार, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका, डॉ राहुल राय, डॉ अमित मिश्र, डॉ. अवधेश मौर्य, डॉ. राजन तिवारी, डॉ. लक्ष्मी प्रसाद मौर्य, ईश्वर श्रीवास्तव समेत कई शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यात्रा का समापन विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Kushinagar News: भव्य तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर, सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
Kushinagar News: कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी मण्डल रामकोला की ओर से सोमवार को महाराणा प्रताप चौक से शहीद चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में देशभक्ति के नारे और राष्ट्रगान की गूंज ने पूरे नगर को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा थामे यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में शामिल लोगों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर शहीदों को नमन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मदन गोविन्द राव ने कहा कि देश की आजादी वीर जवानों और अमर सपूतों के बलिदान की देन है। आज भी विदेशी ताकतें भारत को कमजोर करने की साजिश में लगी हैं, लेकिन हमें एकता और अखंडता की रक्षा के लिए हर बलिदान देने को तैयार रहना चाहिए। उन्होंने जाति-पांति से ऊपर उठकर देशहित में कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा नेता राधेश्याम दीक्षित ने कहा कि भारत ने ‘सिंदूर ऑपरेशन’ के जरिए पूरी दुनिया में अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। आज विश्व भारत को आशा की किरण मानकर देख रहा है। निवर्तमान मण्डल अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अब भारत किसी के आगे झुकता नहीं, बल्कि अपनी शक्ति का एहसास कराते हुए विश्व पटल पर अपने हित साध रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व का सर्वमान्य नेता बताया। विशिष्ट अतिथि नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष मनोहर गुप्ता और संचालन निवर्तमान मण्डल अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर प्रेम तिवारी, रविन्द्र प्रजापति, मनोज गोविन्द राव, शिमला खरवार, शिवेन्द्र सिंह, रामसिंह, दिनेश यादव, बैकुंठ शाही, अमित गोविन्द राव, दिनेश गोंड, नरेन्द्र शुक्ला, शैलेश सिंह, निशांत शुक्ला, ओम प्रकाश प्रजापति, रामायण चौहान, रमाशंकर विश्वकर्मा, सोनू शुक्ला, भीम यादव, विश्वास प्रसाद अमीन, उमेश तिवारी, नरेन्द्र उपाध्याय, प्रेम प्रकाश गोविन्द राव, जोगी प्रसाद समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मोहन सूर्यवंशी, कुशीनगर
सिद्धार्थनगर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति से गूंज उठा माहौल
सिद्धार्थनगर। आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद सिद्धार्थनगर में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से किया।
रैली की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से हुई और यह पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में समाप्त हुई। रैली में शामिल पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट्स, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते रहे। चारों ओर गूंजते "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" जैसे नारों ने माहौल को पूर्ण रूप से देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करना था। रैली को देख कर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक तिरंगे को सलामी दी और इस प्रयास की खुले दिल से सराहना की।
रैली में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्षगण, जिलाधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, बड़ी संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड, तथा एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भागीदारी की। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि राष्ट्र के सम्मान में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 15 अगस्त को अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति एकजुटता और सम्मान का प्रदर्शन करें।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है, जो हर भारतीय के मन को जोड़ता है।”
रिपोर्ट- इंतेज़ार हैदर, सिद्धार्थनगर
Ayodhya News: स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा
Ayodhya News: अयोध्या। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा साहबगंज रामजानकी मंदिर से प्रारंभ होकर खवासपुरा, गुदरी बाजार, मुख्य मार्ग होते हुए चौक स्थित शहीद स्मृति स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए।
तिरंगा यात्रा प्रारंभ होने से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, बलिदान और एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत वीरों ने इसकी आन-बान-शान के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। हमें भी इसके सम्मान और संरक्षण के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा देशभक्ति का संदेश देती है और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम व त्याग की भावना को प्रबल करती है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग में राष्ट्रभक्ति को मजबूत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करना है।
मौके पर मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, नगर निगम के सभापति राजेश गौड़, आशा गौड़, सूरज सोनकर, स्वप्निल श्रीवास्तव, प्रांशु अग्रवाल, आलोक द्विवेदी, तिलकराम मौर्या सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के समापन पर शहीद स्मृति स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
रिपोर्ट- नाथबक्स सिंह, अयोध्या
Kanpur News: भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने लहराया तिरंगा, 30 से ज्यादा जगहों पर हुआ स्वागत
कानपुर में सोमवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में हरजिंदर नगर मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कैंप कार्यालय से शुरू हुई।
यात्रा रामादेवी, हरजिंदर नगर, लाल बंगला पुलिस चौकी चौराहा और जेके कॉलोनी चौराहा होते हुए रामअवतार महाना सामुदायिक केंद्र तक पहुंची। सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए। रास्ते में 30 से अधिक स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों की धुन पर महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारत की आत्मा और संविधान की गरिमा का प्रतीक है। यह हमारी एकजुटता, संस्कृति और शौर्य को दर्शाती है।
बीजेपी के द्वारा इसी तरह की कई तिरंगा यात्रा अलग-अलग दोनों पर अलग क्षेत्र से निकल जाएगी। सैकड़ो लोग तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान से भी लोगों को जोड़ा जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व बीजेपी के द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों को शहर के अलग-अलग इलाकों में किया जाएगा।
दक्षिण क्षेत्र में भी सोमवार को तिरंगा यात्रा के लिए तैयारी करके यात्रा निकाली गई। यात्रा में बीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ समर्थक भी मौजूद रहे । तिरंगा यात्रा में शामिल लोग भारत माता जय के नारे लगाते हुए निकले। शाम को तिरंगा यात्रा में शामिल लोग एक स्थान पर पहुंचे।
कार्यक्रम में जसविंदर सिंह, केपी सिंह चौहान, विनय मिश्रा, विवेक शुक्ला, कैलाश पांडेय, सुरेंद्र अवस्थी, अशोक मेंबर, शिव प्रताप और मोहिनी शुक्ला समेत कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट- तान्या वर्मा, कानपुर नगर
Mathura News: मथुरा में हर घर तिरंगा अभियान 2025 के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेज में रैली आयोजित की गई
Mathura News: मथुरा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देशों के क्रम में जनपद मथुरा में हर घर तिरंगा अभियान 2025 के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेज में कार्यक्रम तथा तिरंगा रैली आयोजित की जा रही है। विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा उत्साह एवं उमंग के साथ तिरंगा रैली में प्रतिभाग किया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान 2025 को सफल बनाने हेतु जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि आप सभी अपने अपने घरों में तिरंगा लगाए।
उन्होंने सभी दुकानदारों प्रतिष्ठानों पेट्रोल पंपों होटलों आश्रमों कारखानों फैक्ट्रियों इंडस्ट्रियों रेस्टोरेंटों थानों चौकियों कोतवालियों कार्यालयों बस स्टैंडो रेलवे स्टेशनों आदि स्थानों पर दिनांक 13 से 16 अगस्त तक तिरंगा लगाने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गवर्नमेंट हाई स्कूल भदाया गंगाधर के छात्र-छात्राओं के मध्य तिरंगा पतंग पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ सम्पन्न। छात्र छात्राओं द्वारा सुंदर सुंदर पतंगे बनाई गई। हर घर तिरंगा अभियान 2025 के अंतर्गत पी0एम0 श्री स्कूल पी0एस0 सिहोरा प्रथम, प्राथमिक विद्यालय अनूपनगर, प्राथमिक विद्यालय गढ़ी रौसू, प्राथमिक विद्यालय धाना शमसाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय खप्परपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला सीता आदि में तिरंगा रैली निकाली गई।
रिपोर्ट- अमित शर्मा, जिला मथुरा
Jaunpur News: हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
Jaunpur News: जौनपुर। हर घर तिरंगा अभियान के दूसरे चरण में सोमवार को जिलेभर में देशभक्ति का रंग छा गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो अम्बेडकर तिराहे होते हुए गांधी तिराहे पर पहुंची और वहीं संपन्न हुई। यात्रा के दौरान गांधी तिराहे पर महात्मा गांधी तथा अंबेडकर तिराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस तिरंगा यात्रा में मदरसा जामिया मोमिया लिलवनात सिपाह, मदरसा रफीकुल इस्लाम गौराबादशाहपुर, मदरसा हकीमुल उलूम बागेअरब, जनककुमारी इंटर कॉलेज, टी.डी. कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, मुक्तेश्वर बालिका इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, दिव्यांगजन, एनसीसी कैडेट और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। यात्रा में राष्ट्रध्वज के निर्माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पिंगली वेंकैया को भी याद किया गया।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि “शिराज-ए-हिंद” के नाम से प्रसिद्ध जौनपुर के लोग हमेशा राष्ट्र के सम्मान में आगे रहते हैं। खास बात यह रही कि रैली में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों और शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और एकता व तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। दिव्यांगजनों की भागीदारी को भी लोगों ने सराहा।
अभियान का मकसद लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना जगाना, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करना और तिरंगे से भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना है। जनपदवासियों से 13, 14 और 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की गई।
इसी क्रम में वनवासी बस्तियों में तिरंगा रैली, फल व मिष्ठान वितरण और स्वच्छता रैली भी निकाली गई। परिषदीय विद्यालयों व सभी विकास खंडों में भी तिरंगा यात्राएं आयोजित हुईं, जिससे पूरे जिले में देशभक्ति का उत्साह और जोश साफ नजर आया।
रिपोर्ट- निलेश सिंह, जौनपुर
Shravasti News: डीएम ने’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए की बैठक , कल मनाया जाएगा ’तिरंगा महोत्सव’
Shravasti News: सोमवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। बैठक में डीएम ने बताया है कि सरकार के मंशानुसार आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 2022 में हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया था। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ’’हर घर तिरंगा‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसके तहत 13 से 15 अगस्त, 2025 तक हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा।
इसके लिए उन्होने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी सरकारी/गैर सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, शहीद स्मारकों, स्वयं सेवी संस्थाओं, प्रत्येक घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया जाए।
डीएम ने बताया कि कल 12 अगस्त, को ’’तिरंगा महोत्सव’’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक ही दिन वृहद ’तिरंगा मेला’ और ’भव्य तिरंगा म्यूजिकल कॉसर्ट’ आयोजित किया जायेगा। प्रदेश स्तरीय ’’तिरंगा महोत्सव’’ का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायकगण, सांसदगण और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों एवं खिलाडियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान ’’तिरंगा मेला’’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सरकार के ’’ग्रामीण विकास विभाग के ’स्वयं सहायता समूह’ द्वारा निर्मित उत्पाद तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के सहयोग से निर्मित उत्पादों ’स्थानीय उत्पादों’ (ओडीओपी), तिरंगा रंग की थीम वाली वस्तुओं (खाद्य सामग्री/परिधान/वस्त्र/श्रृंगार सामग्री आदि) की बिक्री पर केन्द्रित तिरंगा मेला (सरस मेले के समान) का आयोजन किया जायेगा। तिरंगा मेला में ’’तिरंगा प्रदर्शनी’’ का प्रदर्शन भी किया जायेगा तथा वेवसाइट www.harghartiranga.com पर सेल्फी अपलोड करने के लिए 'HGT सेल्फी बूथों’ को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध और स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य ’’तिरंगा संगीत कार्यक्रम’’ का आयोजन किया जायेगा। प्रदेश के गृह विभाग/पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिकबलों, एनसीसी एनएसएस, सिविल डिफैन्स, होमगार्डस एवं खेल विभाग आदि के सहयोग से ’’तिरंगा बाइक रैली/तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा अन्य विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होने यह भी बताया कि 13 से 15 अगस्त, के बीच जिले में झण्डा संहिता की अनुसार तिरंगा झण्डा लगाया/फहराया जायेगा। इसके अन्तर्गत प्रत्येक नागरिक को अपने घर एवं शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी प्रतिष्ठानों पर झण्डा फहराया जाना है। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित प्रभात फेरी स्थल, पार्कों एवं शहीद स्मारकों में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाय। सरकारी कार्यालयों/पंचायत भवनों पर लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाय। हर घर तिरंगा से सम्बन्धित सेल्फी/रील्स/वीडियो/झण्डे के साथ फोटो अथवा देशभक्ति/झण्डागीत के साथ वीडियो अभियान से जुड़ी वेबसाइट harghartiranga.com पर आम जनमानस को अपलोड करने हेतु प्रेरित किया जाए।बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार उत्तम, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए के सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, जिला पंचायत राज अधिकारी नन्दलाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका डॉ0 अनीता शुक्ला, जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारीगण एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- राधेश्याम मिश्र, श्रावस्ती
Auraiya News: तिरंगा यात्रा में पहुंचे पूर्व मंत्री, हरी झंडी दिखाकर यात्रा को किया रवाना
Auraiya News: औरैया जिले के दिबियापुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा तिरंगा यात्रा को लेकर एक रैली का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर में देशभक्ति की अलख जगा दी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ ककोर स्थित तिरंगा मैदान से हुआ, जहां उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने बतौर मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यात्रा की शुरुआत से ही कार्यकर्ताओं में जोश और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। तिरंगा यात्रा की शुरुआत ककोर कस्बा से शुरू होकर कंचौसी मोड़, नगला जयसिंह, समाधान पूर्वा और सेहुद मंदिर होते हुए दिबियापुर नगर तक रहा। यहां से यात्रा फफूंद चौराहा, ओवरब्रिज, नहर पुल, बेला रोड, मंडी समिति और सहारायल रोड होते हुए वीरांगना अवंतीबाई लोधी पार्क पहुंची। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों पर तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय जवान जय किसान के नारे लगाए।
पूरे कस्बे में तिरंगा यात्रा निकलने के बाद कार्यक्रम का समापन वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डॉ. सर्वेंद्र सिंह भदौरिया, मोहित सिंह सिकारवार, संजय प्रधान, कमलेश अवस्थी, उदय प्रताप सिंह सेंगर समेत किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अवधेश कुमार शुक्ला मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कटेरिया और नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
यात्रा में लगभग 500 महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिन्होंने पूरे मार्ग में उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा को सफल बनाया। मोटरसाइकिल रैली के रूप में निकली यह यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां देशभक्ति के गीत और नारों की गूंज सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने भी जगह-जगह कार्यकर्ताओं का स्वागत किया, जिससे यात्रा का उत्साह और बढ़ गया। इस कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय वंदे मातरम के नारों से सड़क गूंजती हुई दिखाई दी।
रिपोर्ट- अशरफ अंसारी, औरैया
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!